- Hindi News
- आवेदन देने पर मिलेगी हर विभाग की जानकारी
आवेदन देने पर मिलेगी हर विभाग की जानकारी
राष्ट्रपिता की पूजाकर व्यवहार न्यायाधीश ने किया विधिक सेवा क्लीनिक का उद्घाटन।
भास्कर न्यूज - डौंडी
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार एवं उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शुक्रवार को डौंडी की जनपद पंचायत कार्यालय में दल्लीराजहरा के व्यवहार न्यायधीश संजय अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में विधिक सेवा क्लीनिक का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम न्यायाधीश ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पूजा-अर्चना की।
विधिक सेवा क्लीनिक में श्री अग्रवाल ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण जनता को सस्ता, सुलभ व आसानी से न्याय दिलाने के लिए तालुका में यह केंद्र खोला जा रहा है। यहां पर कोई भी व्यक्ति कानूनी या किसी भी विभाग से संबंधित जानकारी आवेदन देकर ले सक ता है। यह हर शनिवार को 11 से 1 बजे तक जनपद पंचायत डौंडी में खुला रहेगा। यहां पर लोगों के सहयोग के लिए पेनल अधिवक्ता जितेन्द्र कुमार भट्ट व सहयोगी बसंत कुमार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नारद गावडे, सदस्य अनिल सुथार ने भी अपने विचार रखे।
क्लीनिक के उद्घाटन अवसर पर दल्लीराजहरा के अधिवक्ता इजराइल शाह मनोज खोब्रागढ़े, पवन गोयल, एके संधु, मनोज प्रताप सिंह, लोकेंद्र भूआर्य, जनपद सदस्य बहादुर सिंह, भीष्म टंडन, सरपंच घोटिया ममता मंडावी, जनपद स्टाफ बसंत शर्मा, एमएल निषाद, सहित समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में आभार जनपद उपाध्यक्ष चंद्रिका नागवंशी ने की।
विधिक सेवा क्लीनिक के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अधिकारी, जनप्रतिनिधि व अन्य।
उद्घाटन - हर शनिवार को डौंडी जनपद में लगेगा विधिक सेवा क्लीनिक