- Hindi News
- साढ़े 6 करोड़ रुपए का चना व सोयाबीन जब्त
साढ़े 6 करोड़ रुपए का चना व सोयाबीन जब्त
भास्कर न्यूज - बेमेतरा
सोमवार को दोपहर 1 बजे बेरला ब्लॉक के ग्राम कंडरका स्थित सुराना खांडसरी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में खाद्य अधिकारियों ने दबिश देकर 11924 क्विंटल 53 किलो सोयाबीन व 12500 क्विंटल चना जब्त किया। बाजार मूल्य के अनुसार जब्त चना व सोयाबीन की कीमत 6 करोड़ 56 लाख 58 हजार रुपए आंकी गई है। इन खाद्य सामग्री को रोहितचंद सुराना की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। खाद्य लाइसेंस के नवीनीकरण नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई।
जिला खाद्य अधिकारी सीपी दीपांकर ने बताया कि सुराना खांडसरी प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत लाइसेंस जारी किया गया था। नवीनीकरण के समय सीमा समाप्त होने जाने के बाद भी फर्म ने भारी मात्रा में खाद्य सामग्री का भंडारण किया है। लाइसेंस की मियाद 31 दिसंबर 2013 को समाप्त हो गई थी। जिला सहायक खाद्य अधिकारी वीएस ठाकुर व खाद्य इंस्पेक्टर आशीष चंद्राकर ने बताया कि फर्म के मालिक रोहित चंद सुराना व संदीप कुमार सुराना के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 1955 के 3/7 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर को भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई से इस व्यवसायी से जुड़े व्यापारियों में हडकंप मच गया है। जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार जिले में जल्द ही अनाज व्यापारियों के यहां स्टाक की जांच की जाएगी।