- Hindi News
- मां के कहने पर नाना ने घोंटा नौ साल के बच्चे का गला
मां के कहने पर नाना ने घोंटा नौ साल के बच्चे का गला
भास्कर न्यूज - बेमेतरा/नवागढ़
पापा मुझे पानी पिला दो, मुझे बचा लो। नवागढ़ रोड पर स्थित ग्राम अंधियारखोर के पास एक खेत में शनिवार को सुबह 8 बजे एक 9 वर्षीय बालक अधमरी हालत में रोते व कराहते हुए लोगों से मदद की गुहार लगा रहा था। उसी समय सिंचाई के लिए खेत जा रहे ग्रामीण मनीराम साहू की नजर उस पर पड़ी और उसने उस बच्चे को पानी पिलाया और बिस्किट खिलाया।
यह खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए संजीवनी 108 को सूचना दी गई। संजीवनी के माध्यम से बच्चे को 100 बिस्तर सरकारी अस्पताल बेमेतरा लाया गया। इसके बाद घटना की जानकारी बेमेतरा पुलिस व नवागढ़ थाने को दी गई। अस्पताल में प्राथमिक उपचार से पहले अपहृत बालक तुषार ने बेमेतरा नायब तहसीलदार को अपना नाम, पता सहित घटना की जानकारी दी। बेमेतरा पुलिस को बच्चे ने अपना नाम तुषार सिंह ठाकुर व पिता का नाम महेश राजपूत बताया। वह सरकंडा ((बिलासपुर)) का रहने वाला है। तुषार ने पुलिस को बताया कि वह बिलासपुर के अंकित विद्यालय में कक्षा तीसरी में पढ़ता है। 23 जनवरी को सुबह 8 बजे राजा उर्फ नाना ने चाकलेट खिलाने का लालच देकर उनका अपहरण कर लिया। इसके बाद वह टैक्सी से उसे लेकर यहां आ गया और शुक्रवार शाम को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की। बच्चे ने बताया कि राजा ने हत्या करने की नीयत से टाई से उसका गला भी घोंटा। इस पर वह बेहोश हो गया। राजा ने मुझे मरा हुआ समझकर खेत को छोड़ दिया। रातभर तुषार खेत में ही पड़ा रहा। तुषार का बयान लेने के बाद पुलिस ने बिलासपुर सरकंडा थाने व बिलासपुर क्राइम ब्रांच को घटना की जानकारी दी। बालक के बयान पर बिलासपुर पुलिस ने नवागढ़ निवासी राजा उर्फ नाना और तुषार की सौतेली मां देववती को गिरफ्तार कर लिया है।
हर कोई यही कर रहा था - जाको राखे सांइया मार सके न कोई
अंधियार खोर के ग्रामीण मनीराम साहू, दर्शनदास कोटवार, खेमराज साहू व रवि साहू ने बताया कि घटना के बाद हर कोई यही कर रहा था - जाको राखे सांइया मार सके न कोई। बालक तुषार काफी डरा हुआ था। उसकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही थी। वह बदहवास हालत में बार-बार यही कह रहा था कि पापा मुझे पानी पिला दो, मुझे बचा लो। पुलिस को सूचना देने के बाद 108 से बेमेतरा अस्पताल पहुंचाया गया। चारों ग्रामीण मानवता का परिचय देते हुए अस्पताल में बच्चे की देखरेख में दिनभर जुटे रहे। उन्होंने पुलिस से कहा कि इस मासूम की हत्या का प्रयास करने वाले को सख्त सजा दी जानी चाहिए।
सौतेली मां ने दी थी सुपारी
सरकंडा थाने के जीतेश ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार तुषार की सौतेली मां देववती ने अपने रास्ते से हटाने के लिए अपने चाचा राजा को सुपारी दी थी। देववती का पड़ोस के युवक से अवैध संबंध था। जिसकी जानकारी तुषार को लग गई थी। तुषार के मैच्योर होने और देववती को मां नहीं बुलाने के कारण देववती ने उसे अपने रास्ते से हटाना चाहा। देववती ने अपने चाचा राजा जो एड्स का मरीज भी है, उसे इलाज का सारा खर्च उठाने की बात कहकर तुषार को जान से मारने के लिए राजी किया। देववती ने साजिश के तहत आरोपी को तुषार के स्कूल टाइम में खबर दी और आरोपी ने स्कूल के रास्ते से ही तुषार का अपहरण कर लिया। आरोपी राजा ने तुषार को रास्ते में जहर भी पिलाया था। इसके बाद अंधियारखोर में ले जाकर तुषार का टाई से गला घोंट दिया।
मरा समझकर खेत में फेंक गए थे आरोपी, बच गई जान
बिलासपुर में अपहरण की रिपोर्ट
बेमेतरा पुलिस की सूचना पर करीब 2.30 बजे बालक तुषार का पिता क्राइम ब्रांच की टीम के साथ हास्पिटल पहुंचा। क्राइम ब्रांच बिलासपुर प्रभारी नसर सिद्धिकी ने बताया कि सरपंच थाना बिलासपुर में 9 वर्षीय बालक तुषार सिंह का 23 जनवरी को अपहरण हो जाने की रिपोर्ट दर्ज है। तुषार सिंह के पिता महेश राजपूत बिलासपुर में टेंट हाउस में नौकरी करते हैं तथा राजा उर्फ नाना उनकी पत्नी के चाचा हैं। महेश राजपूत का ससुराल नवागढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम जेवरा ((एस)) है।
बच्चे की हालत गंभीर
सरकारी अस्पताल के डॉ. निधि मेश्राम ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर बनी हुई है। पूरे शरीर में गंभीर चोट है। गला, कान व आंख पर भी चोट लगी हुई है। एक आंख पूरी तरह बंद हो गई है। पेट व पीठ पर भी खरोंच के निशान हैं। कान से खून बह रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चे को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई है। अभी प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। अंदरूनी चोट काफी है। इसलिए सिटी स्कैन के लिए रायपुर मेकाहारा रिफर कर दिया गया।
अंधियारखोर में ऐसा था तुषार का हाल।