- Hindi News
- जिले में बारदाने का संकट, 47 केंद्रों में खरीदी ठप
जिले में बारदाने का संकट, 47 केंद्रों में खरीदी ठप
भास्कर न्यूज - बालोद
बारदानों नहीं होने की वजह से 47 केन्द्रों में धान खरीदी बंद है। दो सप्ताह से ज्यादा दिन बीत गए हैं, लेकिन अभी तक बारदाना नहीं पहुंच पाया है। इससे किसान व समिति प्रबंधकों को परेशानी हो रही है। बताया जाता है कि बारदाना बनाने वाली कंपनी से ही उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
पिछले दिनों लगभग 25 केन्द्रों में ही धान खरीदी नहीं हो पा रही थी। जो अब बढ़कर 47 तक पहुंच गई है। कई ऐसे केन्द्रों में बारदाने उपलब्ध है वहां अब खरीदी अंतिम चरण में है। जिले के 110 खरीदी केन्द्रों को एक करोड़ 12 लाख 80 हजार बारदाना उपलब्ध कराया गया था। जिसमें एक लाख 30 हजार बारदाने अमानक स्तर के पाए गए थे। जिले के 69 सेवा सहकारी समिति के तहत 110 केंद्र संचालित है। जिसमें 47 केन्द्रों में धान खरीदी ठप है। इसमें कुछ केंद्र ऐसे भी जहां बारदानों की संख्या बहुत ही कम है और किसानों की संख्या ज्यादा है। किसान खरीदी केन्द्रों में धान तो ला रहे हैं लेकिन बारदाना नहीं होने से अपनी उपज बेच नहीं पा रहे हैं। समिति प्रबंधक व अध्यक्षों का कहना है कि पर्याप्त बारदाना उपलब्ध होने पर ही खरीदी चालू की जाएगी।
इन केंद्रों में खरीदी बंद
जिले के अर्जुंदा, चंदनबिरही, कांदुल, गुजरा, कोड़ेवा, गब्दी, जेवरतला, धनेली, सोरर, खप्परवाड़ा, अछोली, भंवरमरा, धनोरा, गैंजी, खुरसुनी, कनेरी, भरदा, पिरीद, पीपरछेड़ी, बेलौदी, सांकरा, रजोली, सांकरा, राहुद, हल्दी आदि केन्द्रों में खरीदी बंद है। धान खरीदी केन्द्रों में बारदाने उपलब्ध नहीं होने की वजह से से खरीदी बंद हो गई थी। किसान बारदाने के इंतजार में भटक रहे हैं। यदि बारदानों की स्थिति अच्छी रहती तो धान खरीदी ज्यादा प्रभावित नहीं होती। जिले में लगभग एक लाख बारदानों को अमानक घोषित किया गया है। शिकायत के बाद भी अमानक बारदानों के बदले अच्छे बारदाने उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस वजह से धान खरीदी प्रभावित हो रही है।
जिले के 47 केंद्रों में बारदानें नहीं होने के कारण 15 दिनों से धान की खरीदी बंद है।