पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खरथुली को मिलेगा उत्कृष्ट पंचायत का पुरस्कार

खरथुली को मिलेगा उत्कृष्ट पंचायत का पुरस्कार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बालोद
एक बार फिर बालोद जिले का नाम दिल्ली में गूंजेगा। अवसर है खरथुली ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों के सम्मान का। जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर डौंडीलोहारा ब्लाक का गांव है खरथुली।
जहां महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से विशेष कार्य हुआ है। योजना में वित्तीय वर्ष 2012-13 के लिए उत्कृष्ट ग्राम पंचायत में चयन होने के साथ प्रतिनिधियों का सम्मान 2 फरवरी को दिल्ली में होगा। मनरेगा के एपीओ विरेंद्र उड़सेना ने बताया कि सरपंच गौराम पिस्दा व रोजगार सहायक ईश्वर सिंह जल्द ही दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति द्वारा खरथुली पंचायत को प्रशस्ति पत्र व शील्ड प्रदान किया जाएगा। उड़सेना ने दैनिक भास्कर को बताया कि पूरे भारत से सिर्फ 11 पंचायतों का चयन उत्कृष्ट पंचायत सम्मान के लिए हुआ है। जिसमें छत्तीसगढ़ से सिर्फ एक खरथुली पंचायत ((बालोद जिला)) का चयन हुआ है।
मनरेगा के प्रति उत्साह, इस कारण मिल रहा सम्मान
खरथुली को उत्कृष्ट ग्राम पंचायत का खिताब मिलने का प्रमुख कारण यहां के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों में मनरेगा के प्रति उत्साह का होना है। मनरेगा से ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को यहां काम दिया गया। आंकड़ों के मुताबिक खरथुली में वित्तीय वर्ष 2012-13 में कुल पंजीकृत परिवारों की संख्या 464 है। जिसमें 360 परिवार के द्वारा मनरेगा से मांग करने पर रोजगार मूलक कार्य शासन ने उपलब्ध कराया।
इस 360 परिवार ने 20 हजार 548 दिन काम दिन यानि 20548 मानव दिवस अर्जित किए है। खास बात ये है कि अर्जित मानव दिवस में 10 हजार 425 दिवस में महिलाओं की सहभागिता है। यानि महिलाओं ने यहां सबसे ज्यादा दिन काम करने मनरेगा में विशेष रुचि दिखाई व उत्साह की भावना निर्मित हुई है। खरथुली के 17 पंजीकृत परिवारों द्वारा 100 दिवस का रोजगार पूर्ण किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2012-13 में योजना के तहत यहां नया तालाब निर्माण एक, पौधारोपण एक, मिट्टी मुरूम सड़क पहुंच मार्ग एक, भूमि विकास के चार तालाब गहरीकरण के एक, भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र का एक, कुल नौ कार्य संपादित किए। इस तरह के कार्य से परिसंपत्तियों का निर्माण का ग्रामीणों की सामाजिक व आर्थिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया गया। पंचायत के पात्र हितग्राहियों को मनरेगा पार्ट-2 के तहत हितग्राही मूलक कार्य भी स्वीकृत किए जाए है।



2008 में दो पंचायत को मिला था पुरस्कार

बालोद जिले के लिए यह पुरस्कार पाने का पहला मौका है। तत्कालीन दुर्ग जिला के समय 2008 में डौंडी ब्लाक के खैरवाही व दुर्ग ब्लाक के कचांदुर पंचायत को मनरेगा में उत्कृष्ट पंचायत का सम्मान मिला था। इससे पहले किसी पंचायत का चयन नहीं हुआ था।