- Hindi News
- विद्युत कटौती के कारण किसान नहीं कर रहे बुआई
विद्युत कटौती के कारण किसान नहीं कर रहे बुआई
भास्कर न्यूज - डौंडी. भर्रीटोला फीडर में विद्युत कटौती के कारण किसानों को रबी फसल की बुआई करने में विलंब हो रहा है। जिसके कारण कृषि कार्य पिछड़ गया है। भर्रीटोला के किसान चिंताराम नेताम, नंदकुमार करपाल, दुष्यंत भुआर्य, राजेश रावटे, रोहित साहू, धनेश भुआर्य, योगीराम साहू, जयसिंह निर्मलकर, देवधर साहू ने बताया कि आसपास गांव भोलईपारा, कुरुटोला, मडिय़ाकट्टा, ढोर्रीढेमा, बांधापारा, कुंजकन्हार, परसोदा, पटेली, पचेड़ा के किसान बिजली कटौती के कारण रबी फसल के लिए धान का थरहा नहीं डाल पाए हैं। जिसका मुख्य कारण शाम 5 बजे से सुबह 7 बजे तक कटौती हो रही है। उन्होंने मांग की है कि किसान हित में विद्युत कटौती बंद किया जाना है।
इस संबंध में जानकारी लेने पर डौंडी वितरण केंद्र के कनिष्ठ यंत्री नंदलाल कांशी ने कहा कि अटल ज्योति योजना में बोर्ड के फैसला के अनुसार शाम 5 से रात 11 बजे तक परमानेंट कटौती के आदेश है। इसलिए हम 6 घंटा कटौती करते हैं। करीब 10 दिन पहले ब्रेक डाउन के कारण लंबी कटौती हुई थी, लेकिन अब ठीक हो गया है। मैं डेली रिपोर्ट ले रहा हूं।