बारदाना नहीं,13 दिन से बंद है धान खरीदी
भास्कर न्यूज - डौंडी
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति डौंडी के धान खरीदी केंद्र में बारदाना नहीं होने के कारण 13 दिनों से धान खरीदी बंद है। जिसके कारण किसानों को खुले में धान रखकर रतजगा करना पड़ रहा है। किसान चिंतित भी हैं।
डौंडी के अलावा कुआगोंदी, भर्रीटोला, आमाडुला, घोटिया, मंगलतराई, गुदुम केंद्र में भी बोरा नहीं होने से धान खरीदी ठप है। क्षेत्र के किसान बोरा आने की आस में रोज धान लेकर सोसायटी पहुंच रहे हैं। इस संबंध में केंद्रीय बैंक मैनेजर सीआर रावटे ने कहा कि हमने डौंडी क्षेत्र के सभी सातों केंद्र के लिए 10-10 हजार बोरे की मांग डीएमओ बालोद से की है। बारदाना मिलते ही खरीदी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 7 केंद्रों में 1 लाख 31 हजार 555 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जिसकी कुल राशि 17 करोड़ 58 लाख 32 हजार 220 रुपए है। इससे हमने 4 करोड़ 70 लाख 50 हजार 739 रुपए की ऋण वसूली की गई है।
बारदाना नहीं होने के कारण किसानों को खुले में रखना पड़ रहा है धान।