पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • देशभक्ति गीतों पर बच्चों की प्रस्तुति

देशभक्ति गीतों पर बच्चों की प्रस्तुति

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - डौंडी
गुरुवार की शाम पुलिस मैदान में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग बालोद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों ने नक्सलवादी घटना में शहीद उमेश कुंजाम ग्राम अवारी, राजेश गुनेन्द्र भर्रीटोला, श्यामलाल अंबाले कांडे, रमेंश निर्मलकर ढोरीठेमा, आशाराम दुग्गा ग्राम जबकसा की फोटो पर गुलाल व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित शहीद परिवारों को मुख्य अतिथि कुलेश्वरी चौरका ने शाल व श्रीफल भेंटकर मंच पर सम्मानित किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित एकल व सामूहिक गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘संदेशे आते है, संदेशे जाते है, हमें तड़पाते है’ गीत पर शहीद परिवार की महिलाओं के आंसू छलक पड़े। शहीद दिवस पर आयोजित देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में दल्लीराजहरा, डौंडी, सुरडोंगर, अवारी आदि स्कूलों की 40 टीमें सम्मिलित हुईं। इस दौरान बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए दर्शकों ने नगद पुरस्कार भी प्रदान किया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी नरेन्द्र ठाकुर, डौंडी थाना प्रभारी टीएस नवरंग, पार्षद समृता डेविड, नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश सोनी, अशोक बाघमार, डीआर सोनबोइर आदि शामिल हुए।