बाइक चोर गिरोह पकड़ाया, आरोपी जेल दाखिल
सक्ती - चोरी की बाइक को शान की सवारी समझने वाले बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में नौ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार इस बात की सूचना मुखबिरों के माध्यम से मिल रही थी कि क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह सक्रिय है और चोरी की बाइक की नंबर प्लेट बदल कर अथवा नंबरों को मिटाकर क्षेत्र में घपाने की फिराक में है। 27 जनवरी को पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम जांजग निवासी शंकर अपने साथी के साथ चोरी की बाइक में घूमने रहा है। सूचना पर सक्ती पुलिस का स्टॉफ जाजंग पहुंचा और शंकर के घर दबिश दी। शंकर के पास हीरो होण्डा एसएस मिली। इस बाइक का नंबर सीजी 11 जेडए 44 लिखा हुआ था। पीछे अधूरा नंबर और आगे की नंबर प्लेट को खरोच कर नंबर को मिटा दिया गया था। जिससे बाइक के सही नंबर का पता नहीं चल पा रहा था। अधूरा नंबर होने पर पुलिस को सूचना सही मालूम होने लगी। शंकर से पूछताछ करने पर वह सही जवाब नहीं दे सका और बाइक चुराना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसके साथ अजय कुमार ड़ोडकी , ललित कुमार नवापारा खुर्द , रिषी लाल नावापारा खुर्द , भानू पाल नावापारा खुर्द , लच्छी राम खैरवानी , श्याम कुमार छोटेसीपत , विजय कुमार नंदौरखुर्द , तथा ओडेकेरा निवासी दिनेश का ग्रुप है जो क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बाइक चुराकर अन्य स्थानों पर खपाते थे। उसने पुलिस को बताया कि अन्य आरोपियों के पास भी चोरी की बाइक है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने संदेही लोगों के घर दबिश दी और आरोपियों से पांच अन्य बाइक बरामद की। पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ धारा 41((1-4)) 379 , 411, के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया है।