- Hindi News
- छात्र संघ चुनाव, संपर्क साधने में जुटे छात्रनेता
छात्र संघ चुनाव, संपर्क साधने में जुटे छात्रनेता
नगर संवाददाता - रायपुर
छात्र संघ चुनाव का रास्ता साफ होते ही छात्र संगठन से जुड़े नेता सक्रिय होने लगे हैं। कॉलेजों में उनकी दखल बढऩे लगी है। वे छात्रों से संपर्क साधने में जुट गए हैं। ताकि अधिक से अधिक छात्रों को अपने साथ जोड़ सके।
मंगलवार को दुर्गा कॉलेज, छत्तीसगढ़ कॉलेज, महंत कॉलेज, साइंस कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों में जाकर विभिन्न संगठनों ने छात्रों से संपर्क किया। छात्र संगठनों की ओर से यहां कोशिश की जा रही है कि चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले ज्यादा से ज्यादा छात्र उनसे जुड़ सके।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सह संयोजक गोविंदा गुप्ता ने बताया कि अभी छात्रों से संपर्क किया जा रहा है। सदस्यता अभियान बाद में चलाया जाएगा। आखिरी बार जब यहां चुनाव हुए थे तो उसमें कक्ष अधिकारी की भूमिका काफी अहम थी। इस वजह से यहां भी कक्ष अधिकारी को अपने पक्ष में तैयार किया जाएगा। इसी तरह कुछ दिन बाद यहां कॉलेज स्तर के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष प्रदीप साहू ने बताया कि पहले से कॉलेज में रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। दो-चार दिन बाद कॉलेजों का भ्रमण किया जाएगा। यहां अपने पक्ष में ज्यादा से ज्यादा छात्र को जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। इसी तरह अन्य संगठन भी अपने स्तर पर तैयारियों में हैं।
गौरतलब है कि आगामी सत्र में छात्र संघ चुनाव होने के संकेत है। इसमें छात्र वोट देकर अपना अध्यक्ष चुनेंगे। हालांकि अभी इसका मॉडल तय नहीं किया गया है। राज्य शासन व कुलपतियों की चर्चा के बाद मॉडल का चयन होगा। इसके बाद इसकी तिथि घोषित होगी।
ब्लाक व जिला स्तरीय कमेटी गठित करेंगे: छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति-जनजाति छात्र संगठन के प्रदेशाध्यक्ष यशवंत बांधे ने बताया कि कार्यकर्ताओं से संपर्क किया गया है। अब कॉलेज के छात्रों को जोडऩे के लिए ब्लाक व जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी की मदद से कॉलेजों में छात्रों को जोड़ा जाएगा। इसी परिप्रेक्ष्य में आरंग के कॉलेज में बुधवार को बैठक होगी। इसके बाद राजधानी में बैठक आयोजित की जाएगी। कोशिश की जाएगी कि प्रत्येक कक्षा के छात्रों से मुलाकात की जा सके।