- Hindi News
- अधिकारी भी तिरंगा फहराने हाजिर हों : आदेश
अधिकारी भी तिरंगा फहराने हाजिर हों : आदेश
भास्कर न्यूज - रायपुर
नए महानदी मंत्रालय के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर मंत्रालय में झंडा फहराने हाजिर होना पड़ेगा। राज्य निर्माण के बाद पहली दफे राज्य शासन की ओर से ऐसा फरमान जारी हुआ है। इसमें अधिकारियों की मौजूदगी भी अनिवार्य कर दी गई है।
नया रायपुर स्थित मंत्रालय में गणतंत्र दिवस पर सुबह 8 बजे अपर मुख्य सचिव विवेक ढांड राष्ट्र ध्वज फहराएंगे। नया मंत्रालय में दूसरी बार झंडावंदन होगा। पुराने मंत्रालय दाऊ कल्याण सिंह भवन में भी कभी कर्मचारियों - अधिकारियों को गणतंत्र दिवस में शामिल होने की अनिवार्यता नहीं थी। वे स्वेच्छा से आते थे। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव, मुट्ठी भर कर्मचारी और सुरक्षा में तैनात जवान मिलकर ही गणतंत्र पर्व मनाते थे। नए आदेश की मंत्रालय के गलियारों में काफी चर्चा है। लोग इसे प्रशासनिक कसावट से जोड़कर भी देख रहे हैं। उनका कहना है कि जब राजभवन, मंत्रियों के बंगलों, स्कूलों व दफ्तरों में सभी अधिकारी-कर्मचारी झंडा वंदन करने जा सकते हैं तो मंत्रालयीन अधिकारी-कर्मचारी राष्ट्रीयता से ऊपर थोड़े ही हैं। रायपुर से नया मंत्रालय तक कर्मचारियों को लाने -ले जाने वाली गाडिय़ों के ड्राइवरों के लिए भी अलग से आदेश निकला है। उन्हें अपने-अपने मुकाम ((स्टार्टिंग पाइंट)) पर सुबह साढ़े छह बजे गाडिय़ां लगानी होंगी, ताकि कर्मचारी समय पूर्व मंत्रालय पहुंच सकें। छुट्टी के दिन मंत्रालय पहुंचने से कन्नी काटने वाले कर्मचारियों को 26 जनवरी को बड़ी सुबह निकलना होगा। देखने वाली बात यह होगी कि आम दिनों में सीट के लिए झगडऩे वाले कर्मचारी उस दिन भी बस में भरकर पहुंचते हैं या बसें खाली-खाली निकलेंगी। कर्मचारी संघ के नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय पर्व पर तो स्वयमेव लोगों को आना चाहिए। आदेश निकालने की जरूरत ही नहीं पडऩी चाहिए।