- Hindi News
- फर्जी हस्ताक्षर कर हथिया ली बुजुर्ग की जमीन
फर्जी हस्ताक्षर कर हथिया ली बुजुर्ग की जमीन
नगर संवाददाता - रायपुर
रामकुंड की बुजुर्ग दंपत्ति की जमीन हथियाने के लिए कुछ लोगों ने बड़ा खेल खेला। दस रुपए के स्टांप पेपर में बुजुर्ग जमीन मालिक के फर्जी हस्ताक्षर किए। स्टांप भी फर्जी तरीके से हासिल किया और उस पर बिक्रीनामा लिखकर जमीन पर कब्जा कर लिया। चार साल से बुजुर्ग दंपत्ति अपनी जमीन पाने के लिए परेशान हाल भटक रही है। पुलिस उनकी फरियाद सुनने को तैयार नहीं है।
विवेकानंद आश्रम के सामने रामकुंड में रहने वाले आरके शुक्ला ने भास्कर कार्यालय पहुंचकर बताया कि उन्होंने पत्नी मंदाकिनी के नाम से चांपा में 0.75 एकड़ जमीन खरीदी थी। आरके शुक्ला का आरोप है कि जमीन पर चांपा में रहने वाले फिरोज अहमद ने स्टाम्प वेंडर के जाली सील और दस्तखत के जरिए बिक्री नामा तैयार कर लिया। महज दस रुपए के स्टाम्प पर बिक्री नामा तैयार कर अवैध कब्जा कर लिया। इसकी शिकायत पुलिस में की गई तो फिरोज ने सिविल कोर्ट में मामला दायर कर दिया। जांच में पता चला कि विष्णु शर्मा नाम के स्टाम्प वेंडर की फर्जी सील का इस्तेमाल किया गया। पंजीयक दफ्तर से बताया गया कि विष्णु शर्मा नाम का कोई स्टाम्प वेंडर का लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। जिला कोषालय की सील भी जाली निकली। इसके अलावा फोरेंसिक जांच में मंदाकिनी का दस्तखत भी जाली निकला। इतने सबूत के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कार्रवाई नहीं की जा रही है।