- Hindi News
- कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी में शामिल हों भाजपाध्यक्ष : भूपेश
कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी में शामिल हों भाजपाध्यक्ष : भूपेश
नगर संवाददाता - रायपुर
किसानों को धान की कीमत 24 सौ देने के मामले में कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय पर पलटवार किया है। पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार को पत्र लिखकर भाजपा के मुख्यमंत्री चुनावी घोषणा पत्र में किया वादा पूरा करने की बात कर रहे हैं। भूपेश ने कहा कि यदि भाजपा अध्यक्ष वाकई किसानों को 2400 रुपए कीमत दिलाना चाहते हैं तो 31 जनवरी को कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित आर्थिक नाकेबंदी में शामिल हों।
बघेल ने साय के बयानों पर दो टूक शब्दों में कहा कि पहले कार्यकाल में आदिवासियों को 12 लीटर दूध देने वाली गाय और दूसरे कार्यकाल में किसानों का 3880 करोड़ बोनस हजम करने के बाद भाजपा सरकार ने 2100 रुपए धान की कीमत देने का फरेब किया है। बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार को सिर्फ पत्र लिखकर मुख्यमंत्री किसानों को किए वादे से मुंह नहीं मोड़ सकते। किसानों ने भाजपा के वादे पर तीसरी बार भरोसा किया। इसके बावजूद भाजपा की नीयत ही ठीक नहीं थी। किसानों को धोखा देना भाजपा सरकार की फितरत बन गई है। पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू पर भी बघेल ने हमला किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपना वादा पूरा नहीं करने पर किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी क्यों नहीं?
कांग्रेस के मीडिया प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने भाजपा नेताओं और माओवादियों के संबंधों की सीबीआई जांच की मांग की है। त्रिवेदी ने कहा कि हाल ही में पकड़े गए चोपड़ा बंधुओं के संबंध भाजपा सांसद सोहन पोटाई, विधायक विक्रम उसेंडी व भीमा मंडावी से होने की बातें प्रारंभिक जांच में सामने आई है। नक्सलियों के शहरी नेटवर्क और मददगार के अपुष्ट आरोपों पर समाजसेवी विनायक सेन, पत्रकार प्रफुल्ल झा व सोनी सोरी पर जनसुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई तो नक्सलियों के मददगार भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी जनसुरक्षा अधिनियम के तहत क्यों नहीं की जा रही?
संचेती की सभी कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करें ...
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने भटगांव एक्सटेंशन की कोयला खदानों के मामले में भाजपा नेता अजय संचेती की कंपनी एसएमएस इंफ्रास्ट्रक्चर की परफार्मेंस गारंटी राशि जब्त करने के साथ ही सभी कंपनियों को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है। सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार ने तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के मित्र को उपकृत करने के लिए खदानों का ठेका किया था। सीएजी ने भी ठेके में गंभीर वित्तीय अनियमितता पकड़ी थी। प्रारंभिक आंकलन में ही ठेके में 1052 करोड़ का घोटाला उजागर किया था।