पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भाजपा को 191 सीटें, प्रदेश में 9 से 10 सीटों पर मिलेगी जीत

भाजपा को 191 सीटें, प्रदेश में 9 से 10 सीटों पर मिलेगी जीत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रायपुर
सरकार की हैट्रिक बनाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का जनदर्शन ऐतिहासिक व दिलचस्प रहा। इसमें फरियादी से लेकर ज्योतिषी तक पहुंचे। भविष्यद्वक्ताओं ने सीएम को बताया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 191 सीटें मिल रही हैं जबकि प्रदेश में वे 9 या 10 सीटें जीत सकेंगे। जनदर्शन में साढ़े चार घंटे तक सीएम ने 2550 लोगों का फरियाद सुनी।
मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री ने ज्योतिषियों को बड़े ध्यान से सुना। जांजगीर के सिरली के रहने वाले द्वारिका प्रसाद राठौर ने गुणा-भाग करने के बाद सीएम को बताया कि प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में बड़ी सफलता मिलेगी। 10 में से 6 नगर निगमों पर भाजपा और 3 पर कांग्रेस का कब्जा रहेगा। इसी तरह 33 नगरपालिकाओं में से 19 पर भाजपा 11 कांग्रेस व 3 पर अन्य के अध्यक्ष काबिज होंगे। 27 में से 22 जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा व 5 कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बनेंगे। एक देवांगन नाम के ज्योतिषी ने सीएम को दो साल पुरानी अर्जी दिखाई जिसमें उन्होंने राज्य में 49 सीटों के साथ भाजपा की हैट्रिक की भविष्यवाणी की थी। जनदर्शन में पत्रकार भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने सीएम को अखबारों की कटिंग सौंपते हुए बताया कि उन्होंने पहले ही लिख दिया था कि आप ((सीएम)) सरकार में लौटेंगे।
अक्टूबर में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद जनता को लंबे समय से सीएम से मिलने की प्रतीक्षा थी। आज सुबह 6 बजे से ही सीएम हाउस के सामने जनसैलाब था। करीब 3 हजार लोग पहुंचे। बस्तर से सरगुजा संभाग तक के लोग सीएम से मिले। बेलतरा के लोगों ने ब्लाक की मांग की तो माना आईटीआई के छात्र -छात्राओं ने लैपटाप की डिमांड रखी। जमीन, पेंशन, नौकरी, भर्ती में विलंब, नगर निगम की समस्याओं से लेकर बिजली तक के मामले सीएम के सामने रखे। समाज के प्रतिनिधि भी सीएम से मिले। कुछ लोग सीएम को धन्यवाद देने भी पहुंचे थे। सीएम ने भी यह कहने से संकोच नहीं किया कि वे जनता के आशीर्वाद से ही फिर सत्ता में पहुंचे हैं।
ये मायूस लौटे : सिलियारी सुरजा बाई निराश्रित पेंशन के लिए आई थी। उसने कहा कि चौथी-पांचवीं बार आई है, लेकिन पैसा नियमित नहीं मिलता। इसे 200 से बढ़ाकर 500 रुपए करना चाहिए। दुर्घटना में दोनों पैर से अपाहिज हो चुके शिक्षाकर्मी नेहरू सिंह व्हील चेयर पर पहुंचे पर सीएम से नहीं मिल सके।




वह चाहते थे कि विशारद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है वहीं पूरा इलाज हो, लेकिन अधिकारी उन्हें मेकाहारा भेज रहे हैं। भिलाई की मलकीत कौर रो-रोकर बता रही थी कि वे एक रिश्तेदार के इलाज के लिए मदद मांगने आई हैं। मरीज को यहां लाने कहा जा रहा है जबकि वे बिस्तर से नहीं उठ सकते। मलकीत डाक्टर के प्रिसकीप्शन लाई थी। सीएम ने उन्हें मदद करने अर्जी पर लिखा है।
एक नजर में अर्जियां -
कुल 2550
व्यक्तिगत - 1630
प्रतिनिधि मंडल - 920



केजरीवाल सड़क पर जनदर्शन न लगाएं : रमन

मुख्यमंत्री के जनदर्शन लोग संतुष्ट होकर भी लौटे तो कुछ मायूस भी थे। मीडिया ने जब सीएम से उनके जनदर्शन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जनदर्शन की तुलना करने को कहा। केजरीवाल नए -नए हैं। जनदर्शन लगाते समय सुविधा का ध्यान रखना चाहिए। सड़क पर जनदर्शन नहीं होता। बड़े धैर्य व प्रेम से जनता की बात सुननी पड़ती है। इन अर्जियों को कलेक्टर व एसपी को भी भेजते हैं। ताकि जल्द निराकरण हो सके। समस्याओं के निपटारे की प्रक्रिया होती है। पेंशन, जीपीएफ, नौकरी आदि के केस जिसमें कभी-कभी कुछ विलंब हो सकता है। लोग कोर्ट में चल रहे मामलों को भी लेकर पहुंच जाते हैं।