एम्स में नहीं हुआ इलाज
रायपुर - एम्स में गुरुवार को चार घंटे के इंतजार के बाद भी एक मरीज का इलाज नहीं हुआ। मरीज के अटेंडेंट का आरोप है कि बाद में आए मरीजों का डॉक्टर पहले इलाज करते हैं। इलाज नहीं होने से गुस्साए युवक ने अस्पताल में ही ओपीडी कार्ड फाड़कर फेंक दिया और घर चला गया। दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन ने इस तरह की घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। हीरापुर निवासी 40 वर्षीय सुखबाई सुबह साढ़े 7 बजे एम्स पहुंच गई थी। कार्ड भी जमा कर दिया था। जब 11.30 बजे तक माइक में उनका नाम नहीं पुकारा गया तो उसके साथ गए मनोज ने डॉक्टर से अपनी बारी के बारे में पूछा। डॉक्टर ने बताया कि जब नाम पुकारा जाएगा, तब आ जाना। 12 बजे तक नाम नहीं पुकारा गया।
तो दोबारा वह डॉक्टर के पास गया और पूछने लगा कि कब तक नंबर आएगा।
इस पर डॉक्टर भड़क गया। मनोज का आरोप है कि डॉक्टरों ने उसका ओपीडी कार्ड नीचे दबाकर रख दिया गया था। जबकि उसके बाद आने वाले मरीज इलाज करवाकर चले गए।
अरुण शर्मा ने बताया कि पैथालॉजी जांच के लिए भी कई चक्कर लगाने के बाद भी टेस्ट नहीं हो रहा है।