- Hindi News
- बाइक पर आकर मोबाइल छीनने वाले लड़के फंसे
बाइक पर आकर मोबाइल छीनने वाले लड़के फंसे
रायपुर - बाइक पर चलते हुए लोगों का मोबाइल छीनकर भागने वाले दो लड़कों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों नाबालिग हैं और अच्छे परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके कब्जे से एक मोबाइल जब्त किया गया है, लेकिन पूछताछ में लूट के अन्य मामले खुलने की संभावना है। डीडी नगर थाने में दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
गुरुवार को डीडी नगर क्षेत्र में पुलिस को लड़कों के बारे में सूचना मिली। क्राइम ब्रांच की टीम ने डीडी नगर के पास डीडी नगर पेटोल पंप के पीछे रहने वाले 16 और 17 वर्ष के दोनों लड़कों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके पास से एक नग मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने बताया कि वे काफी पहले से यह काम कर रहे हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि वे आखिर छीने हुए मोबाइल का क्या उपयोग करते थे और ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। एक आरोपी की मां भारतीय दूरसंचार निगम में कार्यरत हैं।
शाप से पांच लाख के मोबाइल चोरी : फाफाडीह चौक एसबीआई आफिस के पास एक इलेक्ट्रानिक्स शाप में चोर शटर का ताला काटकर मोबाइल चुरा ले गए। मोबाइल की कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जय अंबे इलेक्ट्रानिक्स के संचालक कमल केशरवानी और उनके पुत्र गौरव ने चोरी की सूचना दी। बुधवार की रात को वह दुकान बढ़ाने के बाद घर चला गया। गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर ताला कटा हुआ मिला।