व्याख्याता से 475 बनेंगे प्राचार्य
नगर संवाददाता - रायपुर
स्कूल शिक्षा विभाग के 475 व्याख्याताओं को प्रमोशन देकर प्राचार्य बनाया जाएगा। पीएससी से सूची को हरी झंडी मिल चुकी है। फरवरी के अंत तक प्रमोशन लिस्ट जारी करने के संकेत हैं। इस बार प्रमोशन लिस्ट के साथ वेटिंग लिस्ट भी जारी की जाएगी। ऐसी दशा में प्रमोशन के बाद जो शिक्षक नई जगह में ज्वाइन नहीं करेंगे उनकी जगह वेटिंग लिस्ट के आधार पर दूसरे शिक्षकों को पोस्टिंग दी जाएगी।
अभी तक यह सिस्टम नहीं था। वेटिंग लिस्ट जारी नहीं की जाती थी। ऐसी दशा में प्रमोशन के बाद जो शिक्षक नई जगह ज्वाइन नहीं करते थे, उनका पद खाली रह जाता था। बाद में नए सिरे से प्रक्रिया और प्रमोशन होने के बाद ही उस पद को भरा जाता था। छत्तीसगढ़ व्याख्याता संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि नए सिस्टम से पद खाली नहीं रहेंगे। उन्होंने बताया कि पदोन्नति सूची में सामान्य वर्ग के 1995 और आरक्षित वर्ग के 2008 बैच के शिक्षकों को शामिल किया गया है।
शिक्षाकर्मियों का कटेगा सीपीएफ
प्रदेश के शिक्षाकर्मियों का सीपीएफ इसी माह से कटना शुरू हो जाएगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री जनदर्शन में विद्यालयीन शिक्षाकर्मी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांताध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व सीएम से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। इस पर सीएम ने पंचायत मंत्री को मांगों पर कार्रवाई के लिए अधिकृत किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने संघ की मांग पर सीपीएफ कटौती इसी माह से शुरू करने का आदेश जारी कर दिया।