- Hindi News
- जल्दबाजी में रेलवे क्रासिंग के कायदे तोडऩे के साथ लोग कर रहे लापरवाही, जोखिम में जान
जल्दबाजी में रेलवे क्रासिंग के कायदे तोडऩे के साथ लोग कर रहे लापरवाही, जोखिम में जान
भास्कर न्यूज - महासमुंद
शहर के बीचोबीच रायपुर-वाल्टेयर रेल लाइन गुजरती है। तुमगांव रोड पर स्थित रेलवे क्रासिंग में ब्रिज निर्माण की मांग सियासत की भेंट चढ़ गई है। राज्य के दूसरे हिस्सों से मिल रही रेलवे फाटक की दुर्घटनाओं को देखने सुनने के बाद भी शहर की आधी आबादी इस आपाधापी में कायदों को तोडऩे विवश हो रहे हैं। शुक्रवार को हालांकि महासमुंद का बाजार बंद था, बावजूद इसके लापरवाहियां थमने का नाम नहीं ले रहीं थी।
रेलवे ने दूसरे हिस्सों की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कई हिदायतें जारी की हैं कि बंद रेलवे फाटक को किसी भी स्थिति में क्रास न करें, लेकिन यहां किसी को जान की परवाह कहां। शुक्रवार को जितनी भी ट्रेनें निकली उसमें से अधिकांश ट्रेनों की रफ्तार तेज रही है। सबको यह मालूम है कि बंद रेलवे फाटक क्रास करना जोखिम भरा हो सकता है, बावजूद इसके चलती ट्रेन से मात्र पांच फीट की दूरी पर लोगों का हुजूम वाहन के साथ खड़ा रहता है। यहां अवरोध और लाल झंडे का भी असर राहगीरों को रोकने में सफल नहीं हो पा रहा है। रेल सुरक्षा से जुड़े लोगों की माने तो यातायात को सावधान करने के लिए जगह-जगह पोस्टर भी लगाए गए हैं, लेकिन इस तरफ कोई भी अमल करने को तैयार नहीं है।
ओवरब्रिज सिर्फ मांग
तुमगांव रोड रेलवे क्रासिंग में ओवरब्रिज का निर्माण अब सिर्फ मांग बनकर रह गया है। कांग्रेस और भाजपा ने इसे मुद्दा बनाया था। दोनों ही दलों ने बजट में ब्रिज निर्माण को शामिल करवाने की बात कहकर अपनी पीठ थपथपाई थी, लेकिन हालात अब भी तस्वीरनुमा है।
रेलवे की सावधानियां...पर यहां नहीं जान की परवाह