- Hindi News
- पंचायत मंत्री व पीसीसीएफ नियुक्ति पर कांग्रेसी राज्यपाल से मिले
पंचायत मंत्री व पीसीसीएफ नियुक्ति पर कांग्रेसी राज्यपाल से मिले
भास्कर न्यूज - रायपुर
प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर और हाल ही में पीसीसीएफ बनाए गए एके सिंह के मामले को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्यपाल का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह प्रदेश में जीरो टालरेंस की बात कर रहे हैं, बावजूद इसके वह ऐसे मंत्रियों और अधिकारियों को तवज्जो दे रहे हैं।
कांग्रेस ने साल बीज घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे एके सिंह को पीसीसीएफ और सीएल अग्रवाल को सीसीएफ बनाए जाने का विरोध किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश वघेल और नेता प्रतिपक्ष टी एस सिंहदेव की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल शेखर दत्त से मुलाकात कर सरकार में फैले भ्रष्टाचार को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा जिसमें कांग्रेस शासित राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी लोकपाल और लोकायुक्त अधिनियम 2013 के तहत कानून लागू कराने, बजट सत्र में लोकायुक्त कानून लागू करने का आदेश देने व मंत्री अजय चंद्राकर और ए के सिंह के मामले की सीबीआई जांच कराने को कहा है।
इंदिरा बैंक घोटाले में भी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने इस दौरान बहुचर्चित इंदिरा बैंक घोटाले में भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा है कि नार्को टेस्ट रिपोर्ट में सीएम सहित भाजपा के कई बड़े नेताओं के नाम सामने आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आरोपी नेताओं के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भी इस मुद्दे को उठाने की बात कही है।