गड़े हंडे को निकालने पहुंचे 5 युवक बंदी
भास्कर न्यूज . तिल्दानेवरा
शहर से 9 किलोमीटर दूर ग्राम कुंदरू में एक घर के अंदर गड़े हंडे को निकालने आए रायपुर के पांच युवकों को नेवरा पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी बनकर पहुंचे युवकों को ग्राम मांढर के रहने वाले लक्ष्मण ने बुलवाया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किरना निवासी सुनील कुमार ध्रुव ने मांढर निवासी अपने दोस्त लक्ष्मण को बताया था कि ग्राम कुंदरू में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती मधुसुदन चौहान के घर में हंडा गड़ा हुआ हैं। इस बात की खबर लक्ष्मण ने रायपुर के रहने वाले महावीर जैन, कैलाशपुरी, संतोष साखरे, चगोराभाठा, समीर खान टिकरापारा, शेख अब्दुला नेहरू नगर पवन मोहारे को बताया।
प्लान के मुताबिक शुक्रवार की शाम सभी युवक लोकल से बैकुंठ पहुंचे और वहां से वे सीधे ग्राम कुंदरू गए। ग्रामीणों को बताया कि वे क्राइम ब्रांच रायपुर से आए हैं। लोगों से मधुसुदन के घर का पता पूछकर उनके यहां पहुंच गए ,और गड़े हुए हंडे का स्थान पूछते हुए मधुसुदन को धमकाने लगे। मधुसुदन के बताने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए, और युवकों से परिचय पत्र दिखाने की बात कह कर सभी युवकों को घेर लिया , जिससे युवक घबरा कर भागने लगे उन्हें भागते देख लोगो ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने नेवरा थाने को भी दी। घटना की जानकारी मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंच गई, तब तक सभी युवक भाग चुके थे।
पुलिस के द्वारा घेराबंदी कर बैकुंठ रेलवे स्टेशन पर दबिश दी। जहां आरोपी रायपुर जाने ट्रेन का इंतजार करते बैठे थे। पुलिस ने सभी युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को युवकों ने बताया कि लक्ष्मण ने उन्हें बताया था कि मधुसुदन के घर में सोने से भरा एक हंडा गड़ा हु्आ हैं। युवकों ने पुलिस को बताया कि हंडे की जानकारी उन्होंने क्राइम ब्रांच रायपुर के गौरी शंकर को दी, उनके द्वारा पहले सच्चाई का पता करने की बात कही गई, और हंडा मिलने पर 10 प्रतिशत ईनाम देने की बात कही। और उसी लालच में आकर युवक कुंदरू पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि युवकों बुलाने के लिए किरना के सरपंच पति सुनील कुमार ध्रुव ने लक्ष्मण से बात की थी। बाद में लक्ष्मण ने इन सभी युवकों को कुंदरू भेजा था। पुलिस ने पांच युवकों के साथ सुनील पर प्रतिबंधात्मक की धारा 151 के तहत जुर्म दर्ज कर तहसीलदार के न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस लक्ष्मण ध्रुव की तलाश कर रही हैं।