ठंड कुछ दिन और रहने की संभावना
रायपुर - सोमवार से बदले मौसम के कारण जनवरी के आखिरी के चार-पांच में दिन ठंड बढऩे की संभावना है। हवा की दिशा बदलने के कारण उत्तर और उत्तर-पूर्व से ठंडी हवा छत्तीसगढ़ में आ रही है। इससे राज्य के उत्तरी हिस्से में तापमान काफी गिर गया है।
इस साल जनवरी में अब तक ठंड गायब थी। लगातार चक्रवातों के कारण हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही। हवा में नमी रहने से ठंड नहीं पड़ी। न्यूनतम तापमान लगातार 15 डिग्री से ऊपर रहा। इधर, रविवार से मौसम खुलने लगा। हवा की दिशा भी बदलकर उत्तर और उत्तर-पूर्वी हो गई। इसलिए उस तरफ से आ रही ठंडी हवा का असर राज्यभर में पडऩे लगा है। राजधानी रायपुर में रविवार की रात पारा 15.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान काफी ज्यादा गिर गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 7.9 डिग्री दर्ज किया गया।
पेंड्रारोड में भी यह 9 डिग्री के आसपास रहा। अन्य जगहों पर भी तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। इन सब जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवा की दिशा बदली है। अगले 48 घंटों तक इसमें कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। लिहाजा तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।