रविवि परीक्षाओं का टाइम टेबल 15 दिन में
रायपुर - पं.रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी की मुख्य परीक्षा की समय-सारणी फरवरी के दूसरे सप्ताह में जारी होगी। ऑनलाइन आवेदन भरने की तारीख खत्म हो गई। अब विवि प्रबंधन टाइम टेबल बनाने में जुट गया है। हालांकि पूरी प्रक्रिया विलंब से चल रही है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुख्य परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया ही डेढ़-दो महीने की देरी से शुरू की थी। माना जा रहा था कि परीक्षाएं भी लेट होंगी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि मार्च के दूसरे हफ्ते से परीक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि 29 जनवरी तक परीक्षा आवेदन की हार्ड कॉपी कॉलेजों में जमा की जाएगी। इसके बाद इनकी स्क्रीनिंग सहित अन्य काम शुरू हो जाएंगे। चूंकि परीक्षा मार्च के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है, इसलिए स्क्रीनिंग और प्रवेश पत्र बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। यह काम चालू रहेगा, इस बीच फरवरी को दूसरे हफ्ते में टाइम टेबल घोषित कर दिया जाएगा।
सवा दो लाख छात्र : गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा के लिए बीए,बीकॉम, बीएससी व बीसीए प्रथम वर्ष से करीब 91 हजार छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। अधिकारियों का कहना है कि पिछली बार की तुलना में चार-पांच सौ छात्र प्रथम वर्ष में बढ़े हैं। हालांकि इस बार मुख्य परीक्षाओं में कुल कितने छात्र शामिल होंगे यह स्थिति दो-चार दिन बाद साफ होगी। फिर भी संभावना है कि सवा दो लाख से ज्यादा छात्र मुख्य परीक्षाओं में शामिल होंगे।