नए सिरे से तय होंगे आटो पार्किंग स्टैंड
रायपुर - शहर के भीतर प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर अब कहीं भी आटो वाले सवारियों को उतारना या चढ़ाना नहीं कर सकेंगे। आटो पार्किंग स्टैंड की नए सिरे से जगह तय की जाएगी। नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और आटो रिक्शा चालक संघ मिलकर शहर के सभी सड़कों पर ऐसे स्थानों
का चयन करेंगे। उसके बाद वहीं आटो की पार्किंग बनाई जाएगी।
मंगलवार को एडीएम संजय अग्रवाल, सिटी एसपी पंकज चंद्रा, आरटीओ एचएल नायक और एएसपी ट्रैफिक बीआर हिरवानी की उपस्थिति में आटो चालकों की बैठक बुलाई गई। बैठक में तीन बिंदुओं पर सर्वसम्मति से सहमती ली गई। इसमें आटो स्टापेज की जगह नए सिरे से तय करने का निर्णय लिया गया। यह भी निर्णय लिया गया कि नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और आटो संघ इसे चिन्हांकित करेगा। आटो चालकों को तीन माह में परमिट जारी करने के बजाए हर चार महीने में दिया जाएगा। इसके अलावा आटो चालकों का परमिट जारी करते समय उनका निवास प्रमाण पत्र आवश्यक होगा।