- Hindi News
- सफाई सिस्टम से नाराज पार्षदों ने घेरा जोन दफ्तर
सफाई सिस्टम से नाराज पार्षदों ने घेरा जोन दफ्तर
नगर संवाददाता - रायपुर
वार्ड में सफाई नहीं होने से नाराज पार्षदों ने मंगलवार दोपहर बाद जोन एक के दफ्तर का घेराव कर दिया। कांग्रेसी पार्षद बाबुल यादव, सुंदर जोगी के साथ निर्दलीय पार्षद डा.पूर्ण प्रकाश झा के साथ वार्ड के लोगों ने सफाई नहीं होने की वजह से जोन कमिश्नर विजय पांडे के दफ्तर का घेराव कर दिया।
कमिश्नर पांडे ने तत्काल कंपनी के अफसरों से बात करके सफाई नहीं होने का कारण पूछा। तब पता चला कि सफाई करने कुछ वार्डों में कर्मचारी कम आए थे। इस वजह से कुछ जगहों पर से कचरा साफ नहीं हुआ। पार्षदों ने बताया कि उनके वार्ड में हर दूसरे दिन ही सफाई कर्मचारी नदारद रहते हैं। यही वजह है कि उन्होंने जोन दफ्तर का घेराव किया। हालांकि हमें यह पता है कि जोन कमिश्नर कुछ नहीं कर सकता। लेकिन फिर भी घेराव करके दबाव बनाना जरुरी है। इस वजह से ही जोन दफ्तर का घेराव किया गया। पार्षद डा. झा ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी तालाब के किनारों की सफाई करते ही नहीं हे। तालाब के किनारों की सफाई नहीं होने की वजह से तालाब के आसपास काफी गंदगी फैल गई है।