- Hindi News
- चेताने पर भी नहीं लगाई रेलिंग आखिरकार गई एक की जान
चेताने पर भी नहीं लगाई रेलिंग आखिरकार गई एक की जान
नगर संवाददाता - रायपुर
राजकुमार कालेज के सामने एक गैस एजेंसी की सीढ़ी से गिरकर मंगलवार को एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा सीढिय़ों में रेलिंग नहीं लगने की वजह से हुआ। एजेंसी संचालक से लोग इस बारे में कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन रेलिंग नहीं लगाई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुजुर्ग वहां से उतर रहे थे, तभी वो गिर पड़े। उन्हें गंभीर चोट आई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
मृतक चौबे कॉलोनी के विजय आठवले ((72)) थे। मंगलवार शाम 4.30 बजे अपनी भाभी के साथ गैस कनेक्शन सरेंडर करवाने के लिए किचन क्वीन गैस एजेंसी गए थे, तभी हादसा हुआ। गैस एजेंसी में रेलिंग नहीं होने और खतरनाक सीढिय़ों की शिकायत संचालक से की गई थी। घटना के बाद भास्कर हेल्पलाइन से भी प्रसन्न निमोणकर ने इस लापरवाही की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एजेंसी जाने वाले इलाके के लोग सीढिय़ों में रेलिंग लगवाने की मांग कर रहे थे। हादसे से लोगों में आक्रोश है।
गैस एजेंसी की इसी सीढ़ी से गिरकर हुई मौत।
भाभी को किया आगाह, खुद हो गए शिकार
विजय आठवले जब सीढिय़ों से उतर रहे थे, तो उन्होंने अपनी भाभी को संभलकर उतरने को कहा। इसके कुछ क्षण के बाद ही आठवले अनियंत्रित होकर सीढिय़ों से गिर गए। उनकी भाभी उन्हें लेकर आंबेडकर अस्पताल गईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।