सभा के बाहर नहीं पिला सके मोदी की चाय
भास्कर न्यूज - रायपुर
राहुल के कार्यक्रम से निकलने वाले कांग्रेसियों को भाजयुमो मोदी के नाम की चाय नहीं पिला सका। उसे पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। मोर्चा के पदाधिकारियों ने डेढ़ किलोमीटर दूर लाखेनगर में स्टाल लगाकर चाय बांटी। रायपुर शहर भाजयुमो अध्यक्ष संजू नारायण सिंह के नेतृत्व में 50-60 युवाओं ने लाखे नगर चौक पर मोदी टी स्टाल लगाया।
मोदी के नाम की चाय बांटने का कार्यक्रम दोपहर ढाई बजे से शुरू होने वाला था, लेकिन चार बजे शुरू हुआ। झुंड में युवा घूम-घूम कर दुकानदारों व लोगों को चाय बांटने लगे। वहां तैनात पुलिस वालों को भी चाय आफर की गई, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। मीडिया के अलावा कार्यकर्ता खुद भी मोबाइल से फोटो खींचने में लगे रहे। धीरे धीरे चाय के साथ उत्साह भी कम होने लगा। फिर कार्यकर्ताओं ने स्टाल समेट लिया।
फिर चाय के साथ साथ उनका उत्साह खत्म होने लगा। इस बीच आने जाने वाले और आसपास के गरीब लोग अपने -अपने हाथ से चाय निकालकर पीते रहे।
चार टी कंटेनर में रेडीमेड चाय भरकर लाई थी जो थोड़ी ही देर में खत्म हो गई। चाय से पहले कप खत्म हो गए इसलिए कई लोग बिना चाय के ही लौट गए। आधे घंटे में स्टाल के पोस्टर-बैनर निकाल लिए गए और सामान भी समेट लिया गया। आने-जाने वालों ने इस राजनीतिक प्रदर्शन का मजा जरूर लिया।
मोर्चा के अध्यक्ष संजू नारायण सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि चाय वाला भी इस देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। मोदी देश के आम आदमी हैं। वे प्रधानमंत्री के लिए सबसे उपयुक्त हैं, इस वजह से मोर्चा उनके लिए समर्थन जुटा रहा है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस की सभा से डेढ़ किलोमीटर दूर लगा मोदी टी स्टाल।