पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्कार्पियो से कुचलकर महिला की मौत

स्कार्पियो से कुचलकर महिला की मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर. महादेवघाट रोड पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कार्पियो से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे में उसका पति दूर छिटक गया जबकि महिला चक्के की चपेट में आ गई। घटना के बाद ड्राइवर गाड़ी समेत वहां से भाग निकला। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। परिजन और मोहल्लेवाले एक युवक पर शक जाहिर कर रहे हैं जिसका एक दिन पहले महिला से विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मरने वाली 24 साल की लता करकसे थी। वह डीडीनगर और आसपास के इलाके में कुछ घरों में काम करती थी। सुबह वह अपने पति राजेश के साथ काम पर निकली थी। पीछे से स्कार्पियो आई और महिला को कुचलते हुए आगे निकल गई। पति को गंभीर चोट आई है। दैनिक भास्कर की टीम ने घटना के बाद महादेवघाट रोड के जोरापारा पहुंचकर लता के परिवार और मोहल्ले वालों से बात की। वे गुस्से में थे। उन्होंने मोहल्ले के ही एक युवक पर शक जाहिर किया कि हादसे के पीछे उसका हाथ हो सकता है।

पुराना विवाद था


घर और मोहल्लेवालों के मुताबिक लता और युवक के बीच कई हफ्तों से विवाद चल रहा था। उनके बीच मारपीट भी हुई थी। पुलिस को स्कार्पियो का नंबर नहीं मिला है। घटना के बाद नाकेबंदी की गई लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है।

क्या कहता है कानून

क्रिमिनल अधिवक्ता अमिताभ मिश्रा ने बताया कि अगर यह साबित होता है कि कोई व्यक्ति किसी को वाहन से जानबूझकर कुचलता है, उसे यह पता होता है कि मेरे इस कृत्य से किसी की जान भी जा सकती है, तो वह लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग नहीं बल्कि हिट एंड रन का मामला कहलाएगा। ऐसे मामलों में धारा 304 ए के तहत कार्रवाई करने की बजाए पुलिस को धारा 304 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होगा।