- Hindi News
- घरेलू गैस की कालाबाजारी 40 सिलेंडर जब्त किए गए
घरेलू गैस की कालाबाजारी 40 सिलेंडर जब्त किए गए
भास्कर न्यूज - तिल्दा-नेवरा
खाद्य विभाग ने बुधवार को घरेलू गैस की कालाबाजारियों का भंडाफोड़ किया। अधिकारियों ने हेमू कलानी स्कूल के गेट पर स्थित एक फोटो फ्रेमिंग की दुकान और तिल्दा बस्ती के एक घर पर छापा मारकर 40 सिलेंडर और सिलेंडरों की ढुलाई में लगी एक वैन जब्त की।
रायपुर जिले की खाद्य नियंत्रक दयामणि मिंज और फूड आफिसर संजय दुबे व आरसी गुलाटी बुधवार की दोपहर तिल्दा पहुंचे। उन्होंने हेमू कालानी स्कूल के गेट पर स्थित दुर्गा फोटो फ्रेमिंग की दुकान पर छापा मारा जहां 13 घरेलू सिलेंडर मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने तिल्दा बस्ती स्थित रेलवे फाटक के पास रहने वाले गौतम जैन के घर दबिश दी जहां 26 घरेलू और एक कामर्शियल सिलेंडर बरामद हुआ। इनमें से कुछ सिलेंडर वैन में रखे हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि गौतम जैन इन सिलेंडरों को वैन में भरकर सिमगा से लाया था, इसलिए वैन को भी जब्त किया गया है।
खाद्य विभाग के छापे से तिल्दा शहर में हड़कंप मच गया। सिलेंडर केअवैध व्यवसाय से जुड़े कई कालाबाजारी भूमिगत हो गए। अधिकारियों ने बताया कि तिल्दा में बड़े पैमाने पर घरेलू गैस की कामर्शियल सिलेंडरों में रिफिलिंग कर आसपास की फैक्ट्रियों में सप्लाई की जा रही है।
साथ ही, छोटे सिलेंडरों की भी कालाबाजारी हो रही है। इस शिकायत कर यह कार्रवाई की गई। जब्त सिलेंडरों को संभवी गैस एजेंसी के यहां रखवाया गया है। वैन को नेवरा थाने के हवाले कर दिया गया है।
लंबे अरसे से ब्लैक मार्केटिंग
40 हजार आबादी वाले तिल्दा-नेवरा शहर में मात्र एक गैस एजेंसी है, जो सारे उपभोक्ताओं को पर्याप्त सिलेंडर सप्लाई नहीं कर पाती है। यहीं कारण है कि यहां कालाबाजारी का गोरखधंधा जोरों से चल रहा है। लोग ऊंचे दाम में सिलेंडर लेने को मजबूर हैं।