- Hindi News
- नल की धार पतली हुई लोगों ने घेरा पंडरी दफ्तर
नल की धार पतली हुई लोगों ने घेरा पंडरी दफ्तर
नगर संवाददाता - रायपुर
पंडरी के मयूर क्लब, शदाणी दरबार, काली नगर, जगन्नाथ नगर सहित ताज नगर इलाके के सौ से अधिक लोगों ने बुधवार को नलघर में जल विभाग के कार्यपालन अभियंता एके मालवे और रावाभाटा फिल्टर प्लांट के प्रभारी अधिकारी एम येम्दे को घेर लिया।
लोगों के घेराव की खबर मिलते ही सभापति संजय श्रीवास्तव भी पहुंच गए। पंडरी के इन इलाकों में कम प्रेशर के पानी आने के साथ ही सुबह और शाम को एक घंटे की बजाए केवल 15 से 20 मिनट तक ही नलों में पानी आता है। इस बात को लेकर पंडरी के लोगों ने अनेकों मर्तबा अफसरों से शिकायत की। मगर इसके बावजूद न तो नल का प्रेशर तेज हुआ और न ही नल अधिक देर तक खुल रहे हैं। परेशान होकर लोगों ने घेराव कर दिया। सभापति संजय श्रीवास्तव ने बताया कि पंडरी का यह क्षेत्र जोन तीन के अन्तर्गत आता है। मगर पानी का डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम कुछ इस तरह का है कि पंडरी में पानी नलघर और हिंदु हाई स्कूल की बैरन बाजार की पानी टंकी से आता है। डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन मोतीबाग से शास्त्री चौक होते हुए पंडरी तक पहुंचती है। मगर वाल्व खोलने वाले लाइन मैन बीच में बदमाशी कर रहे हैं। वाल्व को सही समय पर खोला और बंद नहीं किया जा रहा है।
इस वजह से पानी का प्रेशर भी कम हो जाता है और जल्दी बंद कर देने से पानी अधिक देर तक नहीं आता है। यही कारण है कि पंडरी के इन इलाकों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
डेढ़ दिन का दिया वक्त, नहीं तो लगा देंगे नलघर में ताला : सभापति संजय श्रीवास्तव ने ईई माल्वे को डेढ़ दिन का वक्त दिया है। अगर शुक्रवार सुबह की पाली में खुलने वाले नल में पानी का प्रेशर और पानी देने की अवधि सही नहीं हुई तो वे खुद पंडरी के लोगों के साथ नलघर में आकर ताला लगा देंगे।
सुधार किया है, जल्द ही सही कर देंगे : ईई माल्वे ने बताया कि पंडरी इलाके में पानी की व्यवस्था में बुधवार की शाम को खुले नल में ही सुधार कर लिया गया है। गुरुवार की शाम तक पूरी तरह से
वाल्व खुलने और बंद होने की टाइमिंग को चेक करके सिस्टम को सुधार दिया जाएगा।