पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फोटो के बहाने पकड़ी सिलेंडर की कालाबाजारी

फोटो के बहाने पकड़ी सिलेंडर की कालाबाजारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - रायपुर
राजधानी के आउटर और आस-पास के कस्बों में चार सौ के सिलेंडर 21 सौ में बेचे जा रहे हैं। बड़ा रैकेट कुछ गैस कंपनियों से मिलीभगत से सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहा है। बुधवार राजधानी से 24 किलोमीटर तिल्दा में फोटो स्टूडियो की आड़ में सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले को पकड़ा। अफसर उसकी दुकान में शहीद भगत सिंह की फोटो खरीदने के बहाने घुसे और सिलेंडरों की कालाबाजारी पकड़ ली।
जय दुर्गा फोटो फ्रेमिंग से खाद्य विभाग की टीम ने 41 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। अफसरों को खबर मिली थी कि जय दुर्गा फोटो फ्रेमिंग का संचालक बेहद चालाकी से सिलेंडर बेचता है। वह किसी भी अनजान व्यक्ति को सिलेंडर नहीं देता। सूचना पक्की थी। इसलिए अफसरों ने प्लानिंग की। खाद्य नियंत्रक दयामणि मिंज के साथ सहायक खाद्य अधिकारी आरसी गुलाटी, संजय दुबे, खाद्य निरीक्षक अनिल जोशी और मनीष यादव की टीम दुकान के बाहर जमा हो गई। कुछ देर के बाद गुलाटी ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने भगत सिंह की फोटो देने को कहा। जैसे ही दुकानदार फोटो निकालने के लिए दूसरी ओर मुड़ा, उसके पीठ पीछे अफसरों की टीम दुकान के पीछे स्थित गोदाम में घुस गई। दुकान के अंदर भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड, इंडियन आयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के गैस सिलेंडर जब्त किए गए। चोरी पकड़ी जाने के बाद दुकान के संचालक प्रकाश चंद रुपरेला ने कबूल किया कि वह घरेलू सिलेंडरों को जमा कर उसे ऊंची कीमत में बेचता है। उसके पास किसी भी कंपनी का अधिकार पत्र भी नहीं मिला। सभी सिलेंडरों को जब्त कर भारत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।