अगले महीने से चलेंगी बजट की दो ट्रेनें
नगर संवाददाता - रायपुर
बजट में घोषित दो ट्रेनों को अगले महीने से दुर्ग से शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। दुर्ग-जयपुर और दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस को शुरू करने के लिए बिलासपुर जोन ने रायपुर मंडल को दिशा-निर्देश भेजा है। दुर्ग से चलने वाली यह दोनों ही ट्रेनें साप्ताहिक चलेगी। जानकारी में बताया गया है कि दुर्ग-जयपुर एक्सप्रेस ((18213)) प्रत्येक रविवार को शाम चार बजे दुर्ग से छूटेगी। इसी तरह जयपुर-दुर्ग एक्सप्रेस ((18214)) जयपुर से प्रत्येक सोमवार को रात 9.40 बजे छूटेगी। दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस ((18215)) हर बुधवार को सुबह 9 बजे दुर्ग से छूटेगी। जम्मूतवी से छूटने वाली जम्मूतवी-दुर्ग एक्सप्रेस ((18216)) प्रत्येक शुक्रवार को सुबह पांच बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी। यहां बता दें कि रेल बजट में आठ नई ट्रेनों की घोषणा की गई थी। इसमें से तीन ट्रेनों को शुरू कर दिया गया है। बाकी बची पांच में से दो ट्रेनों को अगले माह शुरू करने की तैयारी चल रही है। यह दोनों ही ट्रेनें रायपुर रेल मंडल की हैं।
मार्च में चलेगी बिलासपुर से दो ट्रेनें : बजट में घोषित अन्य दो ट्रेनें बिलासपुर से चलने वाली हैं। बिलासपुर से बीकानेर और भगत की कोठी के लिए दो ट्रेनें द्विसाप्ताहिक के तौर पर चलाया जाएगा। इन दो ट्रेनों के लिए अभी जोन को रैक नहीं मिला है। यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि बिलासपुर से चलने वाली इन दोनों ट्रेनों में एलएचबी कोच के साथ चलाए जाने की तैयारी है।