- Hindi News
- गायनिक, बायो केमिस्ट्री की बढ़ सकती हैं सीटें
गायनिक, बायो केमिस्ट्री की बढ़ सकती हैं सीटें
रायपुर - मेडिकल कॉलेज में गायनिक व बायो केमिस्ट्री विभाग में पीजी की सीटें बढ़ सकती हैं। ऐसा होने पर जूनियर डॉक्टरों की संख्या बढ़ जाएगी। कॉलेज को पीजी संस्थान के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। एमसीआई की टीम ने गुरुवार को बायो केमिस्ट्री विभाग का निरीक्षण किया। टीम के सदस्य यहां उपलब्ध सुविधाओं के निरीक्षण के बाद पीजी की सीट बढ़ाने के लिए अनुशंसा कर सकते हैं। वर्तमान में यहां पीजी में दो सीटें हैं। सुविधाओं के नाम पर यह विभाग अव्वल है लेकिन फैकल्टी कम होना पीजी की सीट के लिए रोड़ा बन सकता है। स्टेमसेल लैब व जेनेटिक लैब के निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आए। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि यहां पीजी की सीटें चार हो सकती हैं। टीम ने गायनिक विभाग का भी जायजा लिया। अभी यहां पांच एमडी व एक डिप्लोमा सीट है। पीजी की सीटें 6 से 12 होने की संभावना कॉलेज के अधिकारी जता रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. अरविंद नेरल ने कहा कि बायो केमिस्ट्री व गायनिक विभाग में अच्छी सुविधाओं को देखते हुए पीजी की सीटें बढऩी तय है।
इससे मरीजों का ही लाभ होगा। आने वाले दिनों में एमसीआई अन्य विभागों का निरीक्षण करेगी।