- Hindi News
- किसानों की मांगों का आप पार्टी ने किया समर्थन
किसानों की मांगों का आप पार्टी ने किया समर्थन
भास्कर न्यूज - तिल्दा-नेवरा
संयुक्त किसान मोर्चा ने गुरुवार को रायपुर के बूढ़ातालाब में धान के समर्थन मूल्य बढ़ाने, बोनस और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। किसान मोर्चा की मांगों का आम आदमी पार्टी ने समर्थन करते हुए उचित बताया।
पार्टी कार्यकर्ता असवंतदास साहू ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों ने भाजपा और कांग्रेस से किसी प्रकार की मांग नहीं की थी। दोनों दलों ने वोटों की राजनीति करते हुए अपने घोषणा पत्रों में धान का समर्थन मूल्य क्रमश: 2100 और 2000 रुपए प्रति क्विंटल करने की बात कही थी। भाजपा ने तो 2100 रुपए समर्थन मूल्य के साथ 300 रुपए बोनस देने का भी वादा किया था लेकिन चुनाव जीतने और सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने समर्थन मूल्य बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर अपना पल्ला झाड़ लिया और बोनस पर चुप्पी साध ली है। अब किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कृषक केशव प्रसाद साहू ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत तो मानते हैं कि धान का समर्थन मूल्य दो हजार रुपए होना चाहिए, लेकिन केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने तथा खुद कृषि राज्य मंत्री होते हुए भी इस दिशा में कोई पहल नहीं कर रहे हैं। अब नेताओं का यह दोगलापन नहीं चलेगा।
किसानों को संगठित होना होगा और आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली जैसा विकल्प अपनाना होगा। आम आदमी पार्टी के सदस्य भानुसिंह वर्मा का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस ने हमेशा किसानों से धोखा किया है। 24 घंटे किसानों को बिजली देने के लिए झूठे आंकड़े पेश कर राज्य की भाजपा सरकार केंद्र की कांग्रेस सरकार से पुरस्कार पा रही है। जबकि हकीकत यह है कि कृषि पंपों पर प्रतिदिन छह घंटे की विद्युत कटौती निरंतर जारी है। दोनों दलों के झूठ को पहचानना होगा। संयुक्त किसान मोर्चा के आंदोलन में तिल्दा से आम आदमी पार्टी के कमल महान, खेदूराम निषाद, फगुवाराम पोर्ते, धर्मेंद्र वर्मा, प्यारेलाल साहू आदि शामिल हुए।
रायपुर में किसानों के धरना-प्रदर्शन में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंचे