रोजगार मेला की तैयारी पर चर्चा होगी आज
भर्ती की प्रक्रिया संबंधित निजी नियोक्ताओं के मापदंडों के अनुरूप होगी
भास्कर न्यूज - रायगढ़
रोजगार मेला में निजी क्षेत्र की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की बैठक कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में 23 जनवरी की शाम 5 बजे आयोजित की गई है।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रिक्तियों की भर्ती के लिए आगामी फरवरी में रोजगार मेला आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। भर्ती की प्रक्रिया संबंधित निजी नियोक्ताओं के मापदंडों के अनुरूप होगी, जो अपने प्रतिष्ठान में भर्ती के लिए पूर्णतया स्वतंत्र होंगे। रोजगार मेला आयोजन का उद्देश्य नियोक्ता एवं आवेदकों के बीच सीधे संपर्क द्वारा रिक्तियों की त्वरित पूर्ति के लिए एक प्लेटफार्म प्रदान करना है। यह प्रक्रिया पूर्णत: नि:शुल्क है और इसमें रिक्तियों की पूर्ति के संबंध में अंतिम निर्णय नियोक्ताओं द्वारा ही किया जाता है। इसमें किसी भी बाह्य एजेंसी का हस्तक्षेप नहीं रहेगा। निजी प्रतिष्ठान योग्य कर्मचारियों की पूर्ति रोजगार मेला के माध्यम से सहज ढंग से कर सकते हैं। मेले के अंतर्गत सभी निजी प्रतिष्ठान जैसे बड़े, मध्यम एवं लघु औद्योगिक संस्थान व्यापारिक प्रतिष्ठान, सिक्योरिटी एजेंसी, फाइनेंशियल संस्थाएं, बीमा एजेंसी, चार्टर्ड एकाउंटेंसी फम्र्स, शैक्षणिक संस्थाएं, हास्पिटल, नर्सिंग होम, होटल, रेस्टोरेंट, आटोमोबाइल फर्म, निजी बैंकिंग संस्थाएं, मार्केटिंग फम्र्स आदि रिक्त पदों की जानकारी रोजगार कार्यालय को निर्धारित प्रपत्र में भेज सकते हैं। वे अपनी रिक्तियों में सभी प्रकार के पद जैसे कंप्यूटर आपरेटर, एकाउंटेंट, बीमा सलाहकार, मार्केटिंग एजेंट, क्रेडिट असिस्टेंट, शिक्षक, कंपाउंडर, कुक, चपरासी, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर जैसे पदों के अलावा तकनीकी पद जैसे आईटीआई, पालीटेक्निक डिप्लोमा, बीई, एमबीए जैसे योग्यता पद आधारित पदों की भी जानकारी भेज सकते हैं। नियोक्ताओं की सुविधा के लिए सभी जानकारियां वेबसाइट में दी गई है। इसके अलावा नियोक्ता पर ईमेल कर अपनी रिक्तियों की जानकारी भेज सकते है।