- Hindi News
- गणतंत्र दिवस पर जिला जेल से 2 कैदी होंगे रिहा
गणतंत्र दिवस पर जिला जेल से 2 कैदी होंगे रिहा
भास्कर न्यूज - रायगढ़
जिला जेल में गणतंत्र दिवस के मौके पर 2 कैदियों की रिहाई होगी, जबकि 10 कैदियों को सजा माफी का लाभ मिलेगा। सजा में छूट 15 से 45 दिन तक दी जा रही है। स्थानीय जेल प्रशासन रिहाई और सजा में माफी का प्रस्ताव कुछ दिन पहले रायपुर भेजा था।
जेल कानून के अनुसार वर्ष के 3 मौके गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस व गुरु घासीदास जयंती पर कैदियों को रिहा करने के साथ उनकी सजा में कटौती करने का प्रावधान है। शासन की योजना का लाभ गणतंत्र दिवस पर रायगढ़ जिला जेल के 12 कैदियों को मिलेगा। मिली जानकारी के अनुसार अच्छे आचरण और चयनित धाराओं वाले 12 बंदियों की सूची रायपुर स्थित जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई थी। इस पर विभागीय अनुमति मिलने के बाद धारा 451 व एससी/एसटी एक्ट के आरोपी टीकम सिंह पिता दानी सिंह ठाकुर, रेलवे बंगलापारा और धारा 452, 326 के आरोपी मंगलसाय पिता घुराऊ भगत गमेकेला लैलूंगा को 26 जनवरी के दिन झंडोतोलन कार्यक्रम के बाद रिहा किया जाएगा। श्यामलाल चौहान, जयराम किसान, सतप्रकाश कुर्रे, सुशांत, सरधाराम नायक, मायाराम राम साहू, बोनोराम उर्फ राजेश यादव, मधुसुदन यादव उर्फ मधु, मोहन कुमार राठौर, कृष्णोदास को कोर्ट द्वारा तय सजा में 15-45 दिन तक की कटौती का लाभ मिलेगा।