- Hindi News
- 51 राशन दुकानों में 1 फरवरी से ‘कोर पीडीएस मेरी मर्जी ’
51 राशन दुकानों में 1 फरवरी से ‘कोर पीडीएस-मेरी मर्जी ’
भास्कर न्यूज - रायगढ़
शहर के 51 शासकीय राशन दुकानों में 1 फरवरी से कोर पीडीएस-मेरी मर्जी की सुविधा बहाल होगी। इसके लिए खाद्य विभाग सभी संचालकों को पीओसी मशीन 31 जनवरी तक उपलब्ध कराएगी। इससे कार्डधारी शहर के किसी भी शासकीय दुकान से अपना राशन ऑन लाइन ले सकते है।
शासन ने शासकीय राशन दुकानों के संचालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए कोर पीडीएस-मेरी मर्जी योजना की शुरुआत की। इसकी मदद से कार्डधारी अपनी मर्जी की दुकान का चयन कर सस्ते दर पर राशन ले सके। विभाग के इस ऑनलाइन सुविधा की शुरुआत रायपुर से हुई, जो कुछ महीने बाद प्रयोग के तौर पर रायगढ़ शहर के दो वार्ड 9 व 13 में लागू की गई। एटीएम स्वीप मशीन की तरह एक छोटी मशीन से ऑपरेट होता है, लेकिन अब यह योजना 2 वार्डों तक सिमट कर नहीं रहेगी।
1 फरवरी से कोर पीडीएस-मेरी मर्जी योजना शहर के शेष 49 राशन दुकानों पर एक साथ शुरू हो रही है। इसका आदेश रायपुर से खाद्य विभाग को मिल चुका है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 31 जनवरी से पहले सभी शेष संचालकों को प्वाइंट ऑफ सेल मशीन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे तय समय-सीमा के बीच योजना को लागू करने में कोई परेशानी ना आए। वहीं 29 जनवरी से पहले विभाग शहर के सभी राशन दुकानों के मौजूदा स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। जिसके बाद संचालकों के मैनुअल बिक्री पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी।