छात्र का सिर धड़ से अलग किया
भास्कर न्यूज - रायगढ़/सारंगढ़
अपनी मां की सेवा करने के बाद रामायण पाठ सुनने गए एक 13 वर्षीय स्कूल छात्र की सिर कटी लाश मिली है। घटना कोसीर थाने क्षेत्र के सिंघनपुर की है। छात्र की लाश मिलने की सूचना पर एएसपी, क्राइम ब्रांच की टीम और सारंगढ़ एसडीओपी डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए, पर देर रात तक आरोपी का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला। बहरहाल पुलिस घटना की हर पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि कोसीर थाने से करीब पांच किमी दूर स्थित सिंघनपुर में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के ही मोहन लाल ने अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांव के ही दूजराम टंडन के 13 वर्षीय पुत्र प्रताप टंडन का कटा सिर देखा। उसने इसकी सूचना गांव में दी तो वहां भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कोसीर पुलिस को सूचित किया।
छात्र की हत्या होने की सूचना एसपी को दी गई। इस पर एएसपी पीके ठाकुर, क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित पाटले, सारंगढ़ एसडीओपी जेपी बढ़ई खोजी कुत्ता बादल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं छात्र का शरीर गांव से दो किमी दो घंटे की मशक्कत के बाद मूड़ा तालाब किनारे मिली। पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक का पिता दूजराम रायगढ़ में रह कर रोजी मजदूरी करता है। गांव में उसकी पत्नी लीला बाई, उसकी बेटी रामेश्वरी, मंझला पुत्र रामेश्वर रहता हैं। मृतक छात्र कोसीर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा आठवीं में पढ़ रहा था।
हत्या - घटना कोसीर थाने के ग्राम सिंघनपुर की, ग्रामीणों को नरबलि की आशंका
फेल हुआ ‘बादल’
पुलिस की खोजी कुत्ता हर बार की तरह इस बार भी फेल हो गया है। डॉग स्क्वायड बादल का सभी बड़ी घटनाओं में सुराग के लिए सहयोग लिया जाता है, पर वह अब तक जिला पुलिस को मदद नहीं दे सका है। सूत्रों की माने तो डॉग स्क्वायड बादल को अच्छी ट्रेनिंग नहीं मिलने की वजह से हर बार फेल हो जाता है।
नर बलि या साक्ष्य छुपाने रखा तस्वीर
जिस स्थान पर छात्र की सिर मिला, वहीं पर पुलिस को काली मां की एक तस्वीर भी मिली है। इससे ग्रामीण छात्र की हत्या नरबलि होना मान रहे हैं, वहीं पुलिस इस बात पर उलझा हुआ है कि कहीं आरोपी साक्ष्य छिपाने के लिए तो काली मां की तस्वीर को घटना स्थल पर नहीं रखा है। बहरहाल इस तरह की घटना गांव में पहली बार घटित होने से ग्रामीणों के साथ आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
नहीं है किसी से दुश्मनी
मृतक की मां ने पुलिस को पूछताछ के दौरान किसी से कोई दुश्मनी नहीं होने की बात कही है। ऐसे में छात्र की हत्या अज्ञात आरोपी द्वारा क्यों की गई। इस बात को लेकर पुलिस अधिकारी संशय में है। पुलिस घटना की हर बिंदु पर मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को सुलझाने की बात कह रही है।
म़ृतक छात्र