- Hindi News
- कुष्ठ रोग शिविर में पहुंचे 100 से अधिक मरीज
कुष्ठ रोग शिविर में पहुंचे 100 से अधिक मरीज
रायगढ़। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कुष्ठ विजय जनअभियान के तहत विनोबा नगर स्थित सिटी डिस्पेंसरी में कुष्ठ रोग और चर्म रोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 100 के आसपास मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिसमें 70 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य चेकअप किया गया। इनमें 5 रोगियों में कुष्ठ रोग के गंभीर लक्षण पाए गए, जिनका अलग से इलाज किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में इनरव्हील क्लब ऑफ रायगढ़ सेंटर, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति का योगदान प्रमुख रहा।
शिविर सुबह नौ बजे से शुरु की गई और शाम 5 बजे तक चली। इस दौरान मरीजों के स्वास्थ्य चेकअप के लिए जिले के कुष्ठ रोग प्रभारी डा. टीजी कुलवेदी, डा. बीपी मिश्रा, डा. विजय सहित अन्य चर्म रोगों के डॉक्टर उपस्थित रहे। वहीं जिले के सीएचएमओ एचएस उरांव और सिविल सर्जन वाई के शिंदे भी शिविर के उद्घाटन के लिए मौजूद रहे। मारवाड़ी महिला समिति की रेखा ममिया, इनरव्हील क्लब ऑफ रायगढ़ सेंटर की अध्यक्षा नूपुर गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का योगदान प्रमुख रहा। सुभाष नगर महिला समूह के सदस्यों द्वारा शिविर में आए चिकित्सकों, मरीजों और कर्मी के लिए खाने की व्यवस्था की गई।
24 से 30 जनवरी तक चलेगा शिविर
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कुष्ठ रोग, चर्म रोग, दाद खाज, खुजली, बेमची सहित अन्य चर्म रोग के इलाज के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में 24 से 30 जनवरी तक शिविर का आयोजन किया गया है। जिसके पहले चरण में शुक्रवार को विनोबा नगर में शिविर लगाई गई। 27 जनवरी को रामभाठां स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र, 28 जनवरी को इंदिरा नगर स्थित सिटी डिस्पेंसरी, 29 जनवरी को जूट मिल के झोपड़ीपारा स्थित स्वास्थ्य केंद्र और 30 जनवरी को किरोड़ीमल नगर में आयोजित किया जाएगा।
फोटो - कुष्ठ रोग 1, कुष्ठ रोग 2