- Hindi News
- धान के स्टॉक और किसानों की जमीन का होगा भौतिक सत्यापन
धान के स्टॉक और किसानों की जमीन का होगा भौतिक सत्यापन
दोषी पाए जाने पर तत्काल एफआईआर करने के निर्देश, दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद गंभीर हुए कलेक्टर
भास्कर न्यूज - रायगढ़
सीमावर्ती राज्य ओडीशा से कम कीमत में धान खरीद कर जिले के धान खरीदी केंद्र में खपाए जाने की खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए है। वहीं गाताडीह, छिंद, एकताल व केसला समिति केंद्र में दर्जनों किसानों द्वारा बेचे गए अधिक मात्रा में धान के स्टाक और किसानों की जमीन के भौतिक सत्यापन करने के भी निर्देश कलेक्टर ने दिए है। रायगढ़ जिले में सीमावर्ती राज्य ओडीशा का धान कोचिए और समिति प्रबंधकों की मिली भगत से जमकर खपाया जा रहा था। साथ ही कोसीर क्षेत्र के गाताडीह, छिंद समिति केंद्र में जिन किसानों के पास फूटी कौड़ी जमीन नहीं है। -शेष पेज 16
उनके द्वारा भी हजारों क्विंटल धान किसानों की ऋण पुस्तिका लेकर बेचा गया है। इस पर शुक्रवार को दैनिक भास्कर नेा जिनके पास जमीन नहीं उन्होंने भी बेचा हजारों क्विंटल धान नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। इसके बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। खबर प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर मुकेश बंसल सख्त रवैया अपनाते हुए कोसीर क्षेत्र के गाताडीह और छिंद समिति केंद्र में सबसे अधिक गड़बड़ी करने के मामले में न सिर्फ धान के स्टाक जांच करने के निर्देश दिए है, बल्कि जमीन के भौतिक सत्यापन करने भी कहा गया है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को आदेशित कर तत्काल इस मामले में दोषी किसानों के साथ समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी पर एफआईआर करने के लिए कहा है।
औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश
जिले में कृषि भूमि रकबा से अधिक धान की पैदावार व धान की बंपर खरीदी करने की खबर प्रकाशित करने के बाद भी कलेक्टर ने अधिकारियों को संदिग्ध समिति केंद्रों में औचक निरीक्षण करने के लिए भी आदेशित किया है। साथ ही उन्होंने रात के समय निरीक्षण में जाने कहा है। भास्कर में प्रकाशित होने के बाद जिस तरह से कलेक्टर ने सख्त रवैया अपनाया है। इससे घपला करने वाले समिति प्रबंधकों व फड़ प्रभारियों में हड़कंप मच गया है।
बैरियर में जांच करने
एसपी को लिखा पत्र
कलेक्टर ने जिले में सीमावर्ती प्रांत ओडीशा से आ रही धान पर कार्रवाई करने के लिए एसपी राहुल भगत को पत्र लिख कर कहा है कि वे एसडीओपी, थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर कर चेक पोस्ट और बैरियर में सघन जांच करें, ताकि ओडीशा की धान जिले के समिति केंद्रों में न पहुंच पाए। साथ ही कहा गया है कि ओडीशा से धान का विक्रय करने वाले कोचियों से यदि किसी भी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाए तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई तत्काल की जाए, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय का लाभ जिले के वास्तविक किसानों को ही मिले।
धान की मात्रा जांच
करने के आदेश
कोचियों और दलालों द्वारा धान समिति केंद्र में खपाए जाने पर कलेक्टर ने कृषि उप संचालक को भी आदेशित किया है कि धान खरीदी केंद्रों में एक-एक कृषि विस्तार अधिकारी की ड्यूटी लगाए और वे सुनिश्चित करें कि किसान के नाम दर्ज भूमि विक्रय के लिए सोसायटी में लाए गए धान की मात्रा की जानकारी दर्ज करें। साथ ही उन्होंने खरीदी केंद्रवार नियुक्ति के बाद कृषि विस्तार अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर कलेक्टर कार्यालय में जमा करने कहा है। अब तक की गई धान खरीदी के संबंध में संधारित पंजी भी प्राप्त कर जिला प्रशासन कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए उप संचालक कृषि विभाग को निर्देशित किया गया है।