- Hindi News
- आश्रम छात्रावास मामले की जांच करेंगे डीईओ
आश्रम छात्रावास मामले की जांच करेंगे डीईओ
देर शाम छात्र-छात्राओं को हास्टल से निकालने का मामला
भास्कर न्यूज - रायगढ़
नि: शुल्क उपलब्ध कराए जाने वाले एटीएम कार्ड के बदले छात्र-छात्राओं से 300-300 रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर देर शाम लैलूंगा ब्लाक में स्थित श्री रामेश्वर गुरू आश्रम गहिरा से ३८ स्टूडेंट्स को निकाल दिया गया था। मामले की जांच डीईओ २६ जनवरी के बाद करेंगे। जांच के बाद वे रिपोर्ट को आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त को सौपेंगे।
बुधवार की शाम 5 बजे लैलूंगा विकासखंड स्थित श्री रामेश्वर गुरू आश्रम गहिरा के आचार्य मनोहर सिंह सारथी ने आश्रम के हास्टल में रह कर संस्कृत की पढ़ाई कर रहे 12 वीं के 38 छात्रों को शासन की छात्रवृत्ति योजना के तहत नि: शुल्क एटीएम कार्ड के बदले 300-300 रुपए जमा करने के लिए कहा था। शाम तक छात्रों ने राशि जमा नहीं की तो आचार्य ने उन्हें आश्रम की ड्रेस में ही शाम 5 बजे हास्टल से खदेड़ दिया। सभी विद्यार्थी देर रात तक घने जंगल में भटकते रहे। इनमें से तीन छात्राओं को लैलूंगा की एक नर्स ने अपने घर में पनाह दी तो पांच स्टूडेंट्स ने अमलीडीह में अपनी एक सहेली के घर रात गुजारी। आचार्य की इस रवैये से नाराज पालकों ने इसकी शिकायत कलेक्टर व एसपी से की थी। इस पर आदिवासी विकास विभाग ने मामले की जांच के लिए डीईओ बीड़ी बेरवंशी को आदेश दिए थे, लेकिन जिला शिक्षाधिकारी इस गंभीर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब वे 26 जनवरी के बाद इस मामले की जांच कर आश्रम के आचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने के बात कह रहे हैं। हालांकि उनका यह भी कहना है कि आचार्य द्वारा नि: शुल्क एटीएम कार्ड वितरण के बदले 300-300 रुपए लिए जाने की मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भास्कर में गुरुवार को प्रकाशित खबर