- Hindi News
- संजय कांप्लेक्स की दुकानों का दुबारा सर्वे
संजय कांप्लेक्स की दुकानों का दुबारा सर्वे
रायगढ़ - संजय कॉम्पलेक्स के विवाद को सुलझाने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम के द्वारा पुन: सर्वे किया गया। इस सर्वे के आधार पर यहां पसरा निर्माण के लिए जगह आवंटित किया जाएगा। सर्वे के लिए एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल, नगर पालिक निगम के महापौर महेन्द्र चौहथा, आयुक्त राकेश जायसवाल, तहसीलदार कैलाश नाथ मिश्रा सहित कई कर्मी मौजूद थे। कॉम्पलेक्स का सर्वे पुरानी सूची के आधार पर किया गया। इस सूची के अनुसार यहां कुल 380 पसरा दुकानों में कितनी दुकानें वर्तमान में यहां लगती है, इसकी पड़ताल की गई। इस दौरान सब्जी विक्रेताओं के पहचान के लिए विशेष तौर पर यहां लगने वाले सभी सब्जी विक्रेताओं की फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई थी। संजय कॉम्पलेक्स में लगने वाले पसरा दुकानों के आवंटन के मुद्दे पर 3 साल पहले तत्कालीन आयुक्त भुनेश यादव द्वारा प्राक्कलन तैयार किया गया था। इसे 26 मार्च 03 की परिषद की बैठक में बहुमत से पारित किया गय । इस प्राक्कलन में कॉम्पलेक्स की 183/214 वर्गफुट की जमीन को प्रति वर्ग फीट 1000 रुपए की दर से आवंटित करने के लिए मंजूरी दी गई थी। इसके अनुसार 380 पसरा दुकानों के लिए 8/8 फीट और छोटे व्यवसायियों हेतु 15/16 फीट के भूखंड एवं बड़े व्यवसायियों के लिए 20/40 की 9 दुकानें आवंटित करने की मंजूरी दी गई थी। इसको लेकर यहां के व्यवसायियों और निगम के विपक्ष सदस्यों ने आपत्ति जताई थी वहीं 30 जुलाई 2012 को हुए बैठक में पूर्व प्राक्कलन के आधार पर नक्शा तैयार किया गया।
लेकिन इस नक्शे में जो दुकानें बनाई गई थी, उनमें दुकानों की जमीन को कम कर दिखाया गया। साथ ही पूर्व सर्वे में 39114 वर्गफुट की जमीन को घटाकर 35500 वर्गफीट कर दिया गया। जिसे लेकर कॉम्पलेक्स के दुकानदारों और निगम के बीच विवाद बढ़ गया।
॥जिला प्रशासन द्वारा गुरूवार को संजय कॉम्पलेक्स के दुकानों का सर्वे किया गया। इस सर्वे में यहां लगने वाले सभी दुकानों की जांच की गई। साथ ही उनकी पहचान के लिए फोटोग्राफी और विडियोग्राफी की व्यवस्था की गई। इसके बावजूद अगर कुछ लोगों का नाम इस सर्वे सूची में छूट गया है, तो वे अपना दावा कर सकते हैं। साथ ही अगर उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति है तो अपनी आपत्ति के बारे में प्रशासन को सूचित कर सकते हैं।ञ्जञ्ज
तीर्थ राज अग्रवाल, एसडीएम, रायगढ़