- Hindi News
- रुपए दोगुना करने के फेर में गंवाए पांच लाख
रुपए दोगुना करने के फेर में गंवाए पांच लाख
रायगढ़ - एक किसान ने चार वर्ष में रुपए दोगुना पाने के चक्कर में 5 लाख रुपए गंवा दिए। कंपनी के शहर से भाग जाने पर उसके एजेंट द्वारा रुपए वापस करने के लिए घुमाया जा रहा है। पीडि़त ग्रामीण फरियाद लेकर कलेक्टर मुकेश बंसल के पास पहुंचा। उन्होंने मामले की जांच के लिए पुलिस विभाग को सौंप दिया है।
भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के कछार निवासी खुशीराम पटेल ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि भूपदेवपुर बरेली निवासी पवन पटेल पिता सीताराम पटेल द्वारा स्वयं को रेडियंट लाइफ ईस्ट कॉन इंडिया लिमिटेड कंपनी का एजेंट बताया और उसकी कंपनी ४ वर्ष बाद जमा की गई राशि की दोगुना पैसा वापस करती है। ऐसे में ४ साल बाद 10 लाख रुपए पाने के लिए 25 अगस्त 2011 को पांच लाख रुपए जमा किया था। जमा की गई राशि का रसीद भी ग्रामीण को दिया गया है, साथ ही 25 अगस्त 2015 की तिथि से आईडीबीआई बैंक का चेक क्र. 094396 10 लाख रुपए भी दिया गया है। पीडि़त ने आरोप लगाया है कि उक्त कंपनी रायगढ़ शहर से गायब हो गई है। जब इसकी जानकारी उसे मिली तो एजेंट के पास पहुंचा, जिसने कंपनी की फरार नहीं होने की गारंटी दी थी और उसकी जवाबदेही लेते हुए बाकायदा 50 रुपए के स्टांप पेपर में इकरारनामा भी किया था। अब जब पीडि़त किसान को रुपए की आवश्यकता पड़ रही है और एजेंट पवन पटेल से बार-बार रुपए दिलाने की गुहार लगाने के बाद भी उसे रुपए का भुगतान नहीं कर रहा है। ऐसे में ग्रामीण डूबे रुपए को वापस दिलाने के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई है। मामला धोखाधड़ी का होने पर उन्होंने इसकी जांच के लिए पुलिस विभाग को कहा है।