पत्थर खदान में ब्लास्ट एक युवक की मौत
भास्कर न्यूज - रायगढ़/सारंगढ़
सारंगढ़ थाने क्षेत्र के ग्राम टिमरलगा स्थित एक पत्थर खदान में ब्लास्ट हो गया । इसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक पत्थर खदान की रखवाली करता था। मृतक के पिता ने अपने पुत्र की हत्या की आशंका जताई है। बहरहाल सारंगढ़ पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
टिमरलगा स्थित बापोडिया पत्थर खदान में मंगलवार की शाम करीब 7 बजे एक जोरदार धमाका हुआ। खदान में विस्फोट होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, पत्थर तोडऩे के लिए लगाए गए बारूद की विस्फोट से उक्त खदान की एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान खदान के मजदूरों ने चंद्रपुर निवासी रहीम पिता मो. शाहिल ((22 वर्ष)) के रूप में की। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक पत्थर खदान में देख रेख का काम करता था। खदान में विस्फोट से युवक की मौत होने की सूचना पर सारंगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पुलिस ने पाया कि पत्थर तोडऩे के लिए बारूद का उपयोग किया गया था, वहीं मृतक के पिता ने अपने पुत्र की हत्या कर लाश खदान में फेंकने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर में गंभीर चोट के निशान है और मौके पर बारूद लगा हुआ था। ऐसे में हत्या कर लाश फेंकना प्रतीत नहीं होता। बहरहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस पत्थर खदान के मालिक का नाम पता नहीं कर पाई थी।
हादसा - टिमरलगा स्थित पत्थर खदान की घटना, मृतक के पिता ने जताई हत्या की आशंका