- Hindi News
- शहर में बड़े वाहनों पर पूर्ण रूप से लगे प्रतिबंध
शहर में बड़े वाहनों पर पूर्ण रूप से लगे प्रतिबंध
रायगढ़ - सोमवार को इंटक सदस्यों द्वारा शहर में अंधाधुंध चल रहे बड़े वाहनों पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। इंटक सदस्यों के द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर कलेक्टर मुकेश बंसल ने बताया कि उन्होंने पहले से ही इस संबंध में आदेश दे दिए हैं। अगर इसके बावजूद बड़े वाहनों का आवागमन नहीं थमा है, तो इस संबंध में यातायात डीएसपी ही बेहतर बता सकते हैं। वहीं जब इंटक सदस्य यातायात डीएसपी नीलकंठ साहू से प्रतिबंध की मांग करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने बताया कि शहर में बड़े वाहनों पर रोक के लिए निगम के सहयोग से उर्दना के पास ऊंचाई पर बैरीकेड लगाए गए थे। लेकिन वाहन चालकों ने इस बैरीकेड को तोड़ दिया। जिसके बाद नई बैरीकेड नहीं लगाई जा सकी है। जिला यूथ इंटक के अध्यक्ष शाहनवाज खान ने बताया कि शहर में बड़े वाहनों के लगातार आवागमन से दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए इंटक के द्वारा कलेक्टर मुकेश बंसल से बड़े वाहनों के आवागमन के लिए रामपुर से आउटर निकलने के लिए निर्देश देने की मांग की गई।
शाहनवाज खान ने बताया कि अगर प्रशासन और निगम द्वारा इस दिशा में जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो सदस्यों द्वारा निगम के पास अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।