पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान

स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रायगढ़
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर ‘‘सद्भावना संध्या-महात्मा के पथ पर...’’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जेएसपीएल परिसर स्थित पोलो ग्राउंड में गुरूवार शाम भव्य समारोह मनाया जाएगा।
इसमें पद्म पुरस्कार एवं विभिन्न उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल करने वाले छत्तीसगढ़ के सपूतों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही कवि सम्मेलन में देश के नामचीन कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। रायपुर का सुनहरी यादें म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी सुरीली प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हुए एक मिनट का मौन रखा जाएगा एवं मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा।
सांसद नवीन जिंदल की जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 23 जनवरी 2004 को दिए गए सभी भारतीयों को तिरंगा फहराने के मौलिक अधिकार संबंधी फैसले की दसवीं वर्षगांठ पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। संगठन द्वारा 23 जनवरी से फ्लैग वीक मनाया जा रहा है, जिसका समापन 30 जनवरी को राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य कार्यक्रमों के साथ होगा। जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान ने बताया कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा रायगढ़ में भी 30 जनवरी को शाम 5 बजे से जेएसपीएल परिसर स्थित पोलो ग्राउंड में ‘‘सद्भावना संध्या-महात्मा के पथ पर..’’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ की पद्म पुरस्कार हासिल करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही रायगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं विभिन्न उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार विजेताओं का भी समारोह में सम्मान
किया जाएगा।
इसके अलावा कवि सम्मेलन में लखनऊ की कविता तिवारी, रायपुर के डॉ. सुरेन्द्र दुबे, ग्वालियर के प्रदीप चौबे, देवास के शशिकांत यादव एवं कोटा के कुंवर जावेद अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। साथ ही रायपुर के सुनहरी यादें म्यूजिकल रुप द्वारा भी सुरीले गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। श्री चौहान ने सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।




गांधी की पुण्यतिथि पर ३० को कवि सम्मेलन में शामिल होंगे नामचीन कवि