सरपंच ने कराई थी मासूम की हत्या
सरपंच निकला आरोपी, ग्रामीण को फंसाने के लिए छात्र की कर दी हत्या, पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी
भास्कर न्यूज - रायगढ़/सारंगढ़
कोसीर थाने क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर में कक्षा 8 वीं के छात्र की हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। छात्र की हत्या गांव के आरोपी सरपंच ने महज इसलिए करा दिया, क्योंकि उसके खिलाफ जिला न्यायालय में छेड़छाड़ का मुकदमा चल रहा था। उसने पीडि़त ग्रामीण को फंसाने के लिए उसने मासूम को बलि का बकरा बना दिया। मामले में पुलिस आरोपी सरपंच समेत 7 आरोपियों को धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
24 जनवरी की सुबह कोसीर थानातंर्गत ग्राम सिंघनपुर निवासी दूज राम टंडन के 13 वर्षीय पुत्र प्रताप टंडन की सिर कटी लाश मिली थी। छात्र की सिर, जहां गांव के ही मोहन बंजारे के बाड़ी में मिला तो गांव से करीब दो किमी दूर तालाब किनारे उसका धड़ बरामद हुआ था। छात्र के सिर के पास पुलिस को काली मां की एक तस्वीर भी मिली थी, जिससे ग्रामीण नरबलि की संभावना जता रहे थे, जबकि पुलिस साक्ष्य छुपाने अके लिए तस्वीर रखने पर जोर दे रही थी। इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी एसपी की स्पेशल सेल और कोसीर पुलिस सुलझाने में लगी थी। हर बिंदु को ध्यान में रख कर पुलिस जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि गांव के ही सरपंच बंशी लाल यादव, जिसके खिलाफ एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले में जिला न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। पीडि़त लड़की का पिता पूजा-पाठ करता है। ऐसे में उसे फंसाने के लिए सरपंच ने छात्र को बलि का बकरा बनाते हुए उसकी हत्या करवा कर लाश अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया और नरबलि की संदेह पूजा-पाठ करने वाले व्यक्ति पर हो। इसके लिए सरपंच ने मौके पर काली मां की तस्वीर भी रखवा दिया था।
पहले भी जा चुका है जेल
कोसीर पुलिस ने बताया कि इस घटना के मास्टर माइंड आरोपी सरपंच बंशी लाल यादव पूर्व में भी जेल की हवा खा चुका है और वर्तमान में भी उसके खिलाफ छेड़छाड़ के मामले में जिला कोर्ट में मुकदमा जारी है। लिहाजा आरोपी ग्रामीण को फंसाने के लिए छात्र की हत्या करवा दी।
॥आरोपी सरपंच ग्रामीण को फंसाने के लिए 6 ग्रामीणों को रुपए का लालच देकर छात्र की हत्या करवाई। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज कर जेल दाखिल कर दिया गया है।
जेपी बढ़ई, एसडीओपी सारंगढ़
3 लाख रुपए में की छात्र की हत्या
पुलिस ने बताया कि पूजा-पाठ करने वाले ग्रामीण को फंसाने और छात्र को बलि का बकरा बनाने वाले मुख्य आरोपी सरपंच बंशी लाल यादव ((29 वर्ष)) ने आरोपी जनार्दन टंडन ((21 वर्ष)), अखिलेश महिलाने ((19 वर्ष)), रामधनी वर्मा, मनोज बंजारे ((28 वर्ष)), पप्पू उर्फ सच्चिानंद ((25 वर्ष)) व रवि कुमार ((28 वर्ष)) सभी निवासी सिंघनपुर को 50-50 हजार रुपए देकर घटना को अंजाम दिलाया। जब 23 जनवरी की शाम 7 बजे मृतक छात्र ने घर में खाना खाने के बाद मां का हाथ-पैर दबाया उसके बाद सरपंच के यहां रामायण पाठ सुनने के लिए निकला। रात ११ बजे दो आरोपी उसे दो किमी दूर स्थित मूडा तालाब में मछली मारने का प्रलोभन देते हुए साथ ले गए। आधे रास्ते में आरोपियों ने मुंह दबाया और उसे जबरदस्ती दो किलो मीटर दूर स्थित मुडा तालाब ले गए, जहां पहले से ही मौजूद शराब के नशे में धुत्त 5 आरोपियों ने छात्र का सिर तब्बलनुमा हथियार से काटकर धड़ से अलग कर दिया।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार सरपंच सहित अन्य आरोपी।