जेल परिसर में ही आरोपी से हुई पूछताछ
भास्कर न्यूज - रायगढ़
पिछले दिनों गुडेली स्थित एक क्रशर के सामने से एक युवक को 50 किलो विस्फोटक सामग्री के साथ पकडऩे के मामले में सारंगढ़ पुलिस आरोपी युवक से जेल परिसर के अंदर ही घंटों पूछताछ की, लेकिन इसका कोई फायदा पुलिस को नहीं मिला।
18 जनवरी की सुबह सारंगढ़ पुलिस द्वारा गुडेली स्थित एक क्रशर के सामने से आरोपी राजेश चौहान पिता महेश चौहान ((19 वर्ष)) निवासी परसदा को 50 किलो विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ा था। सूत्रों की माने तो उक्त विस्फोटक सामग्री एक क्रशर से बरामद हुआ था, पर पुलिस क्रशर संचालक को बचाने के लिए ट्रैक्टर चालक को आरोपी बनाकर जेल दाखिल कर दिया। 26 जनवरी का समय नजदीक होने और इतने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़ाने के बाद भी पुलिस आरोपी युवक से बिना पूछताछ के ही जेल दाखिल कर दिया। सूत्रों की माने तो विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़े गए युवक को क्रशर संचालक को बचाने के लिए मोहरा बनाया गया है। आरोपी महज 3 से 4 हजार रुपए प्रति माह लेकर ट्रैक्टर चलाने का काम
करता था।
ऐसे में उसके पास लाखों रुपए का विस्फोटक सामग्री मिलना कई सवालों को जन्म दे रहा था। इस पर दैनिक भास्कर द्वारा लगातार खबर प्रकाशित करने के बाद सारंगढ़ पुलिस उसे एक बार फिर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने के लिए
मजबूर हुई।
उसे रिमांड पर लेने की अनुमति नहीं मिली तो उसे जेल परिसर में ही पूछताछ किया गया, लेकिन इस बार भी आरोपी पुलिस को कोई विशेष जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी घंटों पूछताछ के बाद भी नहीं बताया कि उक्त विस्फोटक सामग्री कहां से लाया था और किसके लिए लाया था। मामला ठंडे बस्ते में जाता हुआ दिखाई दे रहा है।