- Hindi News
- ओडीशा का धान खपने के पहले पकड़ाए दो ट्रैक्टर
ओडीशा का धान खपने के पहले पकड़ाए दो ट्रैक्टर
रायगढ़ - जिले के धान खरीदी केंद्रों में ओडीशा सीमा से सटे समितियों में जिला प्रशासन के कड़ा रूख अपनाने के बाद भी धड़ल्ले से धान खपाया जा रहा है। इसका प्रमाण गुरूवार की दोपहर एसडीएम व नायब तहसीलदार के द्वारा ओडीशा से रायगढ़ खपाने आ रहे दो ट्रैक्टर को पकडऩे का मामला है। उक्त दोनों ट्रैक्टर ओडीशा के है। इसमें 212 कट्टा धान लोड था। जिसे जब्त कर प्रशासन कार्रवाई में जुट गया है।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन किसानों को ओडीशा सरकार की तुलना में ज्यादा कीमत देने के साथ बोनस भी देती है। अधिक मुनाफा कमाने के लिए ही कोचियों से मिलीभगत कर समिति प्रबंधक धड़ल्ले से ओडीशा व दलालों का धान खरीद रहे हैं। पिछले दिनों कोसीर के गाताडीह व छिंद समिति केंद्र में यह काम जोरों से चल रहा था। जब दैनिक भास्कर द्वारा इसका खुलासा किया गया तो जिला प्रशासन मामले की जांच करते हुए समिति प्रबंधक व फड़ प्रभारी को हटाने के साथ ही उन पर 420 का मामला दर्ज करवाया। साथ ही संचालक मंडल को भी भंग कर दिया। इसके बाद भी ओडीशा के सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों में यह गोरखधंधा जोरों से जारी है। इसी कड़ी में गुरूवार की दोपहर एसडीएम तीर्थराज अग्रवाल व नायब तहसीलदार जे आर शतरंज द्वारा ओडीशा से धान लेकर आ रहे दो ट्रैक्टर को चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बरलिया के पास पकड़ा है। -शेष पेज 16
पकड़े गए महिंद्रा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 13 एल 0144 इसमें 112 कट्टा धान लोड था तो वहीं बिना नंबर की स्वराज ट्रैक्टर में 100 कट्टा धान लोड था। दोनों ट्रैक्टर के चालक राजेंद्र साहू पिता पीकंद्रपा साहू निवासी बासनपाली रेंगाली झारसुगड़ा व कृष्णा साव पिता अनंत राम साव बासनपाली रेंगाली झारसुगड़ा ने उक्त धान एक कोचिए का होना बताया। बहरहाल उन्होंने पूछताछ के दौरान प्रशासनिक टीम को नहीं बताया कि उक्त धान किसका था और किस समिति केंद्र में खपाया जा रहा था। धान को जब्त करते हुए चालकों को चक्रधर नगर पुलिस हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।