जिंदल पॉवर के जूनियर मैनेजर के घर चोरी
रायगढ़ - छुट्टी लेकर अपने गृह ग्राम गए जिंदल पॉवर प्लांट के जूनियर मैनेजर के सूने मकान में धावा बोलकर अज्ञात चोरों ने एक लाख 30 हजार का सामान पार कर दिया। चोरी की सूचना पर कोतरा रोड पुलिस अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज कर चोरों की पतासाजी में जुट
गया है।
पुलिस ने बताया कि सौरभ बजाज पिता राम रतन बजाज ((28 वर्ष)) जिंदल पॉवर प्लांट में जूनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। मैनेजर को कंपनी की ओर से हील व्यू कॉलोनी जिंदल में मकान मिला हुआ है। जिसमें ताला लगाकर मैनेजर सपरिवार अपने घर गया हुआ था। जब 30 जनवरी को अपने घर पहुंचा तो देखा कि अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर सोने की नेकलेस, एक माला, चांदी का पायल, सोने की अंगूठी व 15 हजार नगदी समेत कुल एक लाख 30 हजार रूपए की सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी की सूचना मैनेजर ने थाने में दी। हील व्यू कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड तैनात रहने के बाद भी इस तरह की चोरी की वारदात हो जाना पुलिस के लिए परेशानी का सबब है।
मना स्नेह सम्मेलन
रायगढ - शहर के स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल का वार्षिक स्नेह सम्मेलन 27 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। अघरिया सदन में आयोजित इस सम्मेलन में विद्यालय के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। छोटे बच्चों के द्वारा फैन्सी ड्रेस एवं देशभक्ति के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि के तौर पर प्रशांत पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर रिटायर्ड शिक्षा अधिकारी ओपी सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पुष्पा सिंह ने किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य हर्ष सिंह ने किया।