अंचल में कल क्च
गौरेला में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन व प्रीतिभोज: गौरेला के अनुग्रह परिसर में २७ जनवरी को कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन व प्रीतिभोज दोपहर १२ बजे से होगा। मुख्य अतिथि विधायकद्वय डा रेणु जोगी व अमित जोगी होंगे। ब्लाक कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने कोटा-मरवाही के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।
पचपेड़ीवासियों का धरना: पचपेड़ी के सर्वदलीय क्षेत्रीय विकास मंच के आह्वान पर शनिवार को नगर स्वस्फूर्त बंद रहा। अब 27 जनवरी की दोपहर 1 बजे नेहरू चौक बिलासपुर में धरना देकर पचपेड़ी को ब्लाक बनाने की मांग की जाएगी। धरने के बाद ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
किसान संघ की रैली: गौरेला के तहसील तिराहे पर भारतीय किसान संघ ने 27 जनवरी को तहसील परिसर में भारतमाता पूजन का आयोजन किया है। दशरथ सिंह राठौर ने बताया किसान शक्ति प्रदर्शन कर रैली निकालेंगे, जो रेलवे मैदान से नगर भ्रमण करते हुए गांधी चौक पहुंचेगी।
अंचल में आज -
तखतपुर में पेंशनर संघ की बैठक: तखतपुर के जनपद पूर्व मा. स्कूल में छग पेंशनधारी कल्याण संघ तहसील शाखा की बैठक 26 जनवरी को होगी। संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रधान ने यह जानकारी दी।
मुंगेली में खाद्यमंत्री लेंगे सलामी: मुंगेली के एसएनजी कालेज में 26 जनवरी पर प्रात: 9 बजे खाद्यमंत्री पुन्नूलाल मोहले ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिला बनने के बाद यह तीसरा गणतंत्र दिवस है।
देवरी में सुनीता सिंह करेंगी ध्वजारोहण: तखतपुर के शासकीय माडल स्कूल देवरीखुर्द में गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य अतिथि सुनीता राजू सिंह क्षत्री होंगी। प्रभारी प्राचार्य चंद्रशेखर पाण्डेय ने बताया शापूमा स्कूल, मॉडल स्कूल, प्राथमिक स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र देवरी के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
पेण्ड्रा में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान: पेण्ड्रा के कोटमी सकोला के कन्या हाईस्कूल में 26 जनवरी पर दोपहर १ बजे से सामाजिक, राजनैतिक व सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मरवाही विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। मुख्य अतिथि अमित जोगी विधायक रहेंगे।